हवाई अड्डे और एसआरएन पर भी मिलेंगी सुविधाएं
जिन स्थानों पर फ्री वाईफाई सुविधा दी जानी है, उनमें सुभाष चौराहा, बस अड्डा सिविल लाइंस, रैन बसेरा प्रयागराज रेलवे स्टेशन, बम्हरौली हवाई अड्डा, नगर निगम कार्यालय, स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल. जिला महिला अस्पताल, तेज बहादुर सप्रू अस्पताल, चौक स्थित कोतवाली को शामिल किया गया है। इन स्थानों पर अब पर्यटक, तीर्थयात्री, छात्र और आम नागरिक हाई स्पीड वाईफाई इंटरनेट सुविधा का मुफ्त लाभ ले सकेंगे।
यात्री इस सुविधा का उपयोग हाई डेफिनिशन (एचडी) वीडियो स्ट्रीमिंग, मूवी, गाने, गेम डाउनलोड करने और अपना पेशेवर काम ऑनलाइन करने के लिए कर सकते हैं। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राएं भी इन स्थानों पर मुफ्त वाईफाई सुविधा का लाभ उठा कर पढ़ाई कर सकते हैं। नगर आयुक्त की पहल पर इसके लिए चयनित सार्वजनिक स्थानों पर हॉटस्पॉट चिह्नित कर लिए गए हैं। हॉटस्पॉट की 50 मीटर की रेंज में मौजूद लोग इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इंटरनेट की स्पीड का रखा जाएगा खास ध्यान
इस वाईफाई सुविधा के लिए नगर निगम ने बीएसएनएल से करार किया है। करार के तहत वाईफाई में इंटरनेट की स्पीड पर खास ध्यान रखने की बात कही गई है। नगर निगम स्मार्ट सिटी परियोजना के स्रोतों से इसका खर्च उठाएगा। शर्तों के मुताबिक इस फ्री इनंटरनेट सेवा की सुविधा देने के लिए बीएसएनएल को हमेशा नेटवर्क को मेंटेन रखना होगा, जिससे वह ठीक ढंग से काम करे।
शहर में नौ स्थानों पर फ्री वाईफाई इंटरनेट सेवा की कनेक्टिविटी देने के लिए नगर निगम से करार हो गया है। चयनित स्थलों को ऑप्टिकल फाइबर केबल से जोड़ दिया गया है। जल्द ही उन सभी स्थानों पर फ्री वाईफाई की सुविधा मिलने लगेगी। -संजीव कुमार, एसडीओ बीएसएनएल