Prayagraj News : संगम तट स्थित लेटे हनुमानजी का दर्शन पूजन करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : प्रयागराज
20 से 25 महिलाओं से वार्ता करेंगे पीएम
प्रयागराज दौरे के दौरान प्रधानमंत्री परेड मैदान में 20 से 25 महिलाओं से अलग से वार्ता करेंगे। इसके लिए मुख्य मंच के बगल में ही अलग पंडाल तैयार किया जा रहा है। महिलाओं का चयन किया जा रहा है। उन्हें प्रशिक्षित भी किया जाएगा।
महिलाओं का होगा कोविड टेस्ट, एनसीसी छात्राओं की लगेगी ड्यूटी
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने वाली सभी महिलाओं का कोविड टेस्ट किया जाएगा। इसके लिए संबंधित जिलों को निर्देश जारी किए गए हैं। महिलाओं के रुकने की व्यवस्था स्कूलों में की गई है। वहां भी कैंप लगाकर कोविड टेस्ट किया जाएगा। स्कूलों तथा आयोजन स्थल पर महिलाओं की मदद एवं सुरक्षा के लिए एनसीसी तथा एनएसएस से जुड़ी छात्राओं की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा महिला सुरक्षा कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। अफसरों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने सख्त हिदायत दी कि महिलाओं के रहने वाले स्थानों पर पुरुष कर्मचारी या छात्रों की ड्यूटी न लगाई जाए। उन्होंने महिलाओं को जरूरत की हर वस्तु उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
Prayagraj News : संगम तट स्थित लेटे हनुमानजी का दर्शन पूजन करते सीएम योगी।
- फोटो : प्रयागराज
कंट्रोल रूम की भी ली जानकारी
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर केंद्रीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। समन्वय बनाए रखने के लिए प्रदेश के अन्य जिलों मे ंभी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इसके बारे में भी जानकारी ली।
2020 की तरह हो माघ मेले का आयोजन- सीएम
वर्ष 2020 की तरह इस बार भी माघ मेला का भव्य आयोजन होगा। निरीक्षण एवं बैठक के दौरान शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को यह निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेले की भव्यता एवं आयोजन में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिए जाने की बात कही।
निरीक्षण के लिए संगम तट पर पहुंचे मुख्यमंत्री को मेलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने बताया कि 22 दिसंबर से जमीन का आवंटन शुरू हो जाएगा। पांच जनवरी तक तैयारी पूरी कर ली जाएगी। 10 जनवरी तक स्नानार्थी भी आने लगेंगे। इसके बाद बैठक में भी उन्होंने माघ मेला आयोजन एवं इसकी बसावट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि माघ मेले के दौरान विधान सभा चुनाव भी संभावित हैं, इसलिए जिला प्रशासन तथा चुनाव से जुड़े अन्य विभागों के अफसरों को माघ मेले में न लगाया जाए। मेले की तैयारियों एवं आयोजन के लिए अलग टीम बना ली जाए। उन्होंने इसके लिए अनुभवी अफसराें एवं कर्मचारियों को बुलाए जाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने मेले में स्वच्छता का ध्यान रखने के साथ-साथ घाटों पर चेंजिंग रूम बढ़ाए जाने के निर्देश दिए।
Prayagraj News : संगम तट पर मां गंगा की आरती करते सीएम योगी।
- फोटो : प्रयागराज
नाले के किनारे नहीं रहेंगे सफाई कर्मी
माघ मेला में ड्यूटी करने वाले स्वच्छता कर्मी इस बार नाले के किनारे नहीं रहेंगे। उन्हें बेहतर जगह दी जाएगी। पूर्व के वर्षों में नाले के किनारे स्वच्छता कर्मियों को जगह दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और अच्छे स्थान पर इनके कॉटेज बनाए जाने के निर्देश दिए।
सीएम की बैठक में ये रहे मौजूद
पीएम के कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री ने ट्रिपलआईसी परिसर में बैठक के दौरान मौजूद कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप ऊर्फ मोती सिंह, सिद्धार्थनाथ सिंह, डॉ. महेंद्र सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, केशरी देवी पटेल, विधायक नीलम करवरिया, हर्षवर्धन वाजपेई आदि नेताओं से सुझाव भी मांगे। इस दौरान मंडलायुक्त संजय गोयल, एडीजी जोन प्रेम प्रकाश, आईजी राकेश सिंह, डीएम संजय खत्री, डीआइजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी, सीडीओ शिपू गिरि समेत अनेक अफसर मौजूद रहे।
Prayagraj News : अधिकारियों के साथ पीएम के कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने पहुंचे सीएम योगी।
- फोटो : प्रयागराज
Prayagraj News : पीएम मोदी के कार्यक्रम के मद्देनजर तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे सीएम योगी।
- फोटो : प्रयागराज
परेड में की गई पार्किंग की व्यवस्था
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने वाली महिलाओं को लाने और ले जाने के लिए छह हजार बसें लगाई जाएंगी। इसके अलावा सुरक्षा कर्मियों तथा अफसरों के भी सैकड़ों वाहन होंगे। इनकी पार्किंग की व्यवस्था परेड मैदान में की गई है। पार्किंग की व्यवस्था जिलेवार की गई है।