जिले में कोरोना के पाए गए चार नए संक्रमितों में झूंसी के कसेरुआ खुर्द गांव के कोरोना पाजिटिव युवक के साथ काम करने वाले लोग हैं। पॉजिटिव पाए गए सभी युवकों को देर रात कोटवां-बनी स्थित एल-1 हॉस्पिटल शिफ्ट कर दिया गया। एक युवक के पहले से पॉजिटिव आने से यह इलाका पहले से ही हॉटस्पॉट बना हुआ है और प्रशासन ने इसे सील कर दिया है।
झूंसी के कसेरूआ खुर्द के एक युवक की कोरोना रिपोर्ट 14 मई को पॉजिटिव आई थी। वह मुंबई में काम करता था। उसके साथ उसी के गांव के कई और लोग काम करते थे। युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके संपर्क में रहने वाले दर्जन भर लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने कालिंदीपुरम स्थित क्वारंटीन सेंटर पर ठहरा दिया था। उनकी जांच का नमूना मेडिकल कॉलेज भेजा गया था।
सोमवार देर रात चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसकी पुष्टि मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने की। कोरोना के नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद चारों को कोटवां-बनी एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया।