ब्लैकमेलिंग और वीडियो बेचे जाने के एंगल की भी जांच
कचहरी रोड पर गर्ल्स हास्टल के बाथरूम में स्पाई कैमरा मिलने के बाद छात्राएं सन्न हैं। वे बुरी तरह से डरी हुई हैं। पुलिस जब पहुंची तो तमाम लड़कियां रो रहीं थीं। आरोपी के कमरे से पुलिस को डिजिटल वीडियो प्लेयर, कंप्यूटर, नौ हार्ड डिस्क आदि तमाम चीजें बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने सभी को सील कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया। पुलिस को आशंका है कि इतने सारे वीडियोज के माध्यम से आशीष कहीं लड़कियों को ब्लैकमेल तो नहीं कर रहा था। यह भी आशंका है कि वह इन वीडियोज को ग्रे मार्केट में भी बेच सकता है।
पुलिस ने दोनों आशंकाओं के आधार पर आशीष खरे से पूछताछ की। उसके मोबाइल को भी चेक किया गया। आशीष ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसी ने शावर में कैमरा लगवाया था लेकिन उसने वीडियो कहीं भी नहीं बेचा। न ही किसी लड़की को ब्लैकमेल किया। वह वीडियोज को खुद ही देखता था। पुलिस ने लड़कियों से भी बात की। बुरी तरह से डरी हुई लड़कियों ने बताया कि उन्हें इस बात की कल्पना भी नहीं थी कि आशीष ऐसी गिरी हुई हरकत कर सकता है।
ब्लैकमेलिंग की बात से लड़कियों ने भी इनकार किया है। सीओ अजीत सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल अभी तक दोनों आशंकाओं की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम रूप से कुछ कहा जाएगा। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने वीडियोज सोशल मीडिया के माध्यम से अपने दोस्तों या अन्य किसी को दिया कि नहीं।
आशीष के कमरे से बरामद सामान
एक मॉनीटर, चार रैम, नौ हार्ड डिस्क, दो डिजिटल वीडियो रिकार्डर, दो एडाप्टर, एक सीपीयू, तीन सिम, छह डायरी (जिसमें लड़कियों के फोन नंबर लिखे हैं) एक डिब्बा (100 से अधिक लड़कियों की पासपोर्ट साइज फोटो) तथा तमाम आपत्तिजनक चीजें बरामद हुई हैं।