खतरा पूरी तरह से टला नहीं
जानकारों का कहना है कि पहाड़ों के साथ ही राजस्थान में तेज बारिश का सिलसिला लगातार जारी है, ऐसे में खतरा अभी पूरी तरह से टला नहीं है। उक्त स्थानों पर बारिश जारी रही तो गंगा और यमुना के जलस्तर में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।
बस्तियों में अब गदंगी की बाढ़
कछार की बस्तियों से नदियों का पानी निकलने लगा है लेकिन अब गदंगी की बाढ़ ने परेशानी बढ़ा दी है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्लास्टिक, मरे जानवरों समेत अन्य गंदगियों का अंबार लग गया है। चूंकि कीचड़ के साथ गदंगी सड़ने भी लगी है। इससे बीमारियों का भी खतरा है।
म्योराबाद, शिवकुटी, सलोरी, मेंहदौरी, बेली उपरहार, बेली कछार, नेवादा, बघाड़ा, राजापुर देह माफी, मऊ सरैया, कछार मऊ आदि क्षेत्रों में बाढ़ का पानी पीछे गदंगी छोड़ गया है। मुश्किल यह कि इसमें हर तरह की गदंगी है। कछार के निचले इलाके में अभी पानी है और नाले ओवरफ्लो कर रहे हैं। ऐसे में नालों की गदंगी भी फैल रही है।
इसे देखते हुए नगर निगम की ओर से अभियान चलाने का दावा किया जा रहा है। बघाड़ा, नेवादा समेत अन्य इलाकों में शुनिवार को सफाई अभियान चलाया गया। तीन शिफ्ट में सफाई के आदेश दिए गए हैं। नियमित सफाई कर्मियों के अलावा 50 से अधिक अतरिक्त टीमें भी लगाई गई हैं।
सेंट जोसेफ में हुआ खेलों का आयोजन, बाढ़ पीड़ित भी बने हिस्सा
मम्फोर्डगंज स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में रह रहे बाढ़ पीड़ितों के लिए शनिवार का दिन खास रहा। कुछ पल के ही सही उन्हें खुश होने का मौका मिला। मौका था स्कूल प्रबंधन की ओर से आयोजिल खेल समारोह का। बाढ़ राहत शिविर होने की वजह से स्कूल में पढ़ाई तो बंद है लेकिन खेल आयोजन की घोषणा पहले ही की जा चुकी थी। ऐसे में चयनित बच्चों ने हिस्सा लिया। बाढ़ पीड़ित भी शामिल हुए। शिविर में रह रहे शेष लोग दर्शक बनकर लुत्फ उठाते रहे।