सामूहिक दुष्कर्म की वारदात में एक नाबालिग भी था शामिल
फाफामऊ में कर्जन ब्रिज के नीचे युवती से दुष्कर्म की वारदात में एक नाबालिग भी शामिल था। वारदात के बाद जिन दो लोगों ने पीड़िता को बाइक से छोड़ा, उनमें से एक वह था। पुलिस ने नाबालिग पर भी 25 हजार का इनाम घोषित किया था। कुछ दिन पहले उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। कुल चार आरोपियों में तीन को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
फरार चल रहे एक आरोपी विशाल पटेल की तलाश की जा रही है। पहले तहरीर के आधार पर चाकू की नोक पर दुष्कर्म, मारपीट व धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में कई लोगों के शामिल होने की पुष्टि होने पर मुकदमा सामूहिक दुष्कर्म की धारा में तरमीम कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की सीडीआर, पीड़िता के बयान आदि के बाद यह बात सामने आई कि घटना में चार आरोपी शामिल थे। ऐसे में मुकदमा संबंधित धारा में तरमीम कर लिया गया।
कोर्ट के समक्ष दर्ज कराया गया बयान
उधर, सोमवार को पीड़िता का कोर्ट के समक्ष बयान दर्ज कराया गया। उसके भाई ने बताया कि कोर्ट में बयान दर्ज कराया गया है। बहन की हालत में अब सुधार है।
16 अगस्त की घटना
घटना 16 अगस्त की है। एफआईआर के मुताबिक, फाफामऊ स्थित निजी अस्पताल में 21 वर्षीय नर्स ने आरोप लगाया है कि साथी के संग बाइक से शहर से लौटते वक्त रात 8:30 बजे के करीब लघुशंका के लिए कर्जन ब्रिज के पास रुकने पर वहां मौजूद दो युवकों ने उससे छेड़छाड़ की। उसके साथी को मारपीट कर भगा दिया और फिर उसे घसीटकर नीचे की ओर ले जाकर दुष्कर्म किया। इससे पहले उसे डंडे से पीटा भी।