सुविधाओं वाले स्कूलों का होगा चुनाव
सचिव की ओर से बीएसए एवं एडी बेसिक को निर्देश दिया गया है कि विद्यालयों के चयन में वहां उपलब्ध सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। विद्यालय में फर्नीचर, विद्यालय तक पहुंच मार्ग, विद्युतीकरण आदि की व्यवस्था होनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि यदि एक परिसर में संचालित प्राथमिक अथवा उच्च प्राथमिक विद्यालयों का अंग्रेजी माध्यम के लिए चुनाव किया जाता है तो पूरे विद्यालय को एक इकाई माना जाएगा। इसमें प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय को अंग्रेजी माध्यम का माना जाएगा।
50-50 अंक की लिखित एवं व्यक्तित्व परीक्षा
सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों के लिए प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों का चयन परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं में से करने का निर्देश दिया है। इसके लिए प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों से आवेदन मांगे जाएंगे। शिक्षकों के चयन के लिए डायट प्राचार्य की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया जाएगा। इस कमेटी का सचिव बीएसए को बनाया गया है। प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों केचयन के लिए 50-50 अंक की लिखित एवं व्यक्तित्व परीक्षा होगी। चयन में अंग्रेजी माध्यम में अध्ययन करने वालों को वरीयता दी जाएगी। चयनित शिक्षकों को दो चरणों में प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इन शिक्षकों का प्रशिक्षण 15 अप्रैल तक हर हाल में पूरा करना होगा।