देश में निर्मित पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का प्रयागराज में ज्यादा क्रेज है। इस ट्रेन में प्रयागराज से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। 17 फरवरी से शुरू हुई इस ट्रेन में अब तक जितने यात्रियों ने सफर किया है, उसमें से तकरीबन 64 फीसदी का रिजर्वेशन इलाहाबाद जंक्शन से ही रहा। वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में पांच दिन हो रहा है। अब तक ट्रेन 17, 19, 20, 22, 23 एवं 24 फरवरी को ही चली है। इन पिछले छह फेरे में इस ट्रेन में मौजूद कुल 6768 यात्रियों में से 4296 यात्री ऐसे रहे, जिन्होंने इलाहाबाद से नई दिल्ली का सफर किया। रेलवे अफसर भी इस आंकड़े से खासे उत्साहित हैं।
इलाहाबाद जंक्शन के मुकाबले वाराणसी और कानपुर से सफर करने वाले यात्रियों का ग्राफ काफी कम है। 24 फरवरी की ही बात करें तो इसमें सफर करने वाले कुल यात्रियों में तकरीबन 79 फीसदी यात्री इलाहाबाद जंक्शन से ही चढ़े। नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलने वाली इस ट्रेन के सभी 16 कोच की अधिकांश सीटें जंक्शन पर ही खाली हो जाती हैं। दरअसल, इस ट्रेन में एग्जीक्यूटिव कार और चेयर कार के 16 कोच में कुल 1128 सीटें हैं। ट्रेन सभी फेरों में इलाहाबाद से फुल रही। इस हिसाब से पिछले छह फेरों में इसमें कुल 6768 यात्रियों ने वाराणसी से नई दिल्ली के बीच सफर किया। इसमें 4296 यात्री ट्रेन में इलाहाबाद से दिल्ली तक गए।