नवाबगंज के पलये मोहल्ले में सोमवार रात विनोद कुमार साहू (38) की ईंट-पत्थर से कूंचकर हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी समेत पांच को जेल भेज दिया। इन सभी को मंगलवार को ही पकड़ लिया गया था।
पूछताछ में पता चला कि शराब पीने के दौरान विनोद और उमेश के बीच विवाद हो गया था। उस समय तो लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन अगले दिन विनोद की ईंट पत्थर से हत्या कर दी गई।
पलये गांव का विनोद लकड़ी कटाई का कारोबार करता था। पुलिस के मुताबिक रविवार को शराब पीने के दौरान उसकी गांव के ही उमेश से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि उनमें मारपीट होने लगी। उस समय लोगों ने उन्हें अलग कर मामला शांत करा दिया लेकिन उमेश ने उसे देख लेने की धमकी दी थी।
सोमवार रात उसी विवाद को लेकर विनोद गांव में ही उमेश के घर के बाहर गया था। इसी दौरान उमेश ने अपने साथियों को बुला लिया जिन्होंने विनोद पर ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया।
वह जान बचाकर भागा तो उसे घेरकर पीटना शुरू कर दिया। ईंट-पत्थर से ताबड़तोड़ वारकर उसे मार दिया। भाई मनोज साहू की तहरीर पर गांव के उमेश उर्फ गुड्डू, राम शरण, बब्लू, अमर सिंह, विक्रमादित्य, राजू व गुड्डू के बहनाई के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
एसओ नवाबगंज राकेश राय ने बताया कि बुधवार को उमेश कुमार उर्फ गुड्डू, रामसरन पटेल, विक्रमादित्य पटेल, बबलू पटेल और राजू पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अन्य दो आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।