1.50 करोड़ रुपये के बकाए की वसूली के लिए टैगोर टाउन में चला अभियान
प्रयागराज। कोरोना संक्रमण में साप्ताहिक बंदी के दौरान रविवार को टैगोर टाउन डिवीजन में बकाएदारों के खिलाफ अभियान से हड़कंप मचा रहा। इस दौरान सीमैट, भरद्वाज पार्क समेत 57 कनेक्शन काट दिए गए। इसमें प्राइवेट स्कैनिंग सेंटर समेत कई संस्थान शामिल हैं। इस डिवीजन में1.50 करोड़ रुपये की बकाये की वसूली के लिए यह अभियान चलाया गया था।
15 लाख रुपये के बकाये पर रविवार को राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान (सीमैट) का कनेक्शन काट दिया गया। सीमैट को इन दिनों कोविड-19 की रोकथाम में लगे कोरोना योद्धाओं के लिए अधिग्रहीत किया गया है। अधीक्षण अभियंता आरके सिंह की मौजूदगी में एसडीओ विजय प्रताप तिवारी जब टीम लेकर सीमैट का कनेक्शन काटने पहुंचे, तब अफसरों ने मान-मनौव्वल शुरू कर दी। लेकिन, उनकी नहीं सुनी गई। इसी तरह 83 लाख रुपये के बकाए में भरद्वाज पार्क की भी बिजली काट दी गई।
इससे पार्क में अंधेरा छा गया है। नगर निगम के अफसरों ने पार्क का बकाया बिल जल्द चुकता करने का भरोसा जताया। उधर, एसडीओ का कहना है कि जबतक बकाया चुकता नहीं होगा, तबतक कनेक्शन नहीं जोड़ा जाएगा।