up board school and colleges news
यूपी बोर्ड की सिफारिश पर शासन ने प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय के 142 स्कूलों को इंटर की मान्यता दी
प्रयागराज। यूपी बोर्ड की सिफारिश के बाद शासन के पास लंबित 767 में से 412 विद्यालयों की मान्यता पर शासन की हरी झंडी मिल गई है। इसमें प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय से जुड़े 142, वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय से जुड़े 92, मेरठ क्षेत्रीय कार्यालय से जुड़े 95, बरेली क्षेत्रीय कार्यालय से जुड़े 24 और गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय से जुड़े 59 विद्यालयों की मान्यता पर मुहर लगी है। शासन ने इन विद्यालयों को इंटरमीडिएट में अतिरिक्त विषय चलाने की अनुमति दी है। इसमें विज्ञान, मानविकी, कृषि सहित कई अन्य विषय शामिल हैं।
मान्यता के बाद इन विद्यालयों में ग्यारहवीं में पढ़ रहे बच्चे 2022 की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए पंजीकरण फार्म भर सकेंगे। 31 अगस्त तक स्कूलों को हर हाल में पंजीकरण पूरा करना होगा। हालांकि शासन की ओर से अभी हाईस्कूल की मान्यता पर निर्णय नहीं लिया जा सका है। जिसके चलते नौवीं के छात्रों का अग्रिम पंजीकरण फार्म नहीं भरा जा सकेगा। ऐसे में अब यह उम्मीद है कि बोर्ड की ओर से नौवीं में प्रवेश की तिथि 31 अगस्त से आगे बढ़ानी पड़ेगी।