प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में एलएलबी में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा का परिणाम सोमवार को जारी कर दिया गया। प्रवेश परीक्षा में रांची झारखंड की रमा कुमारी दुबे ने टॉप किया है। इसके साथ ही एमबीए लेवल-1 का परिणाम भी घोषित कर दिया गया है।
एलएलबी की प्रवेश परीक्षा में सोनभद्र के शशांक सिंह मेरिट में दूसरे और अमेठी के अस्मित कुमार त्रिपाठी तीसरे स्थान पर रहे। इविवि एवं इसके संघटक महाविद्यालयों इलाहाबाद डिग्री कॉलेज एवं सीएमपी डिग्री कॉलेज में एलएलबी की तकरीबन एक हजार सीटों पर प्रवेश होने हैं। वहीं, एमबीए की लेवल-1 यानी लिखित परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद अब विभाग के स्तर पर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इसी के साथ इविवि के प्रवेश प्रकोष्ठ ने पीजी के सभी पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम जारी कर दिए हैं। प्रवेश प्रकोष्ठ ने पीजी के पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम के लिए जो समय सीमा तय की थी, परिणाम भी उसी के अनुरूप जारी किए गए। विश्वविद्यालय में गर्मी की छुट्टियां चल रहीं हैं। इविवि 10 जुलाई से खुलेगा। इसके बाद विभाग पीजी प्रवेश परीक्षा के परिणाम के आधार पर कटऑफ अंक जारी करेंगे और काउंसलिंग के माध्यम से दाखिले की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
विश्वविद्यालय खुलने के बाद इस प्रक्रिया को शुरू होने में एक सप्ताह का वक्त लग सकता है। ऐसे में जुलाई के तीसरे हफ्ते से पीजी प्रवेश के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू कराई जा सकती है। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. जेके पति का कहना है कि 10 जुलाई तक सभी विभागों को रिजल्ट उपलब्ध करा दिए जाएंगे, ताकि काउंसलिंग की प्रक्रिया समय से पूरी हो सके।