प्रयागराज। जवाहर लाल नेहरू स्मारक निधि की ओर से संचालित जवाहर बाल भवन बुधवार शाम देश के अलग-अलग राज्यों की लोक कलाओं की छटा से महकता रहा। मौका था बाल भवन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम बाल संध्या में बच्चों के द्वारा दी गईं मोहक प्रस्तुतियों का। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि आनंद भवन के प्रमुख डॉ. रवि किरन ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद बच्चों ने नृत्य के माध्यम से गणेश वंदना की प्रस्तुति दी।
बाल संध्या कार्यक्रम में बाल भवन के विभिन्न विभागों के बच्चों ने हरियाणवी, राजस्थानी लोक नृत्यों के साथ कथक और स्वागत गीत पर प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद संगीत विभाग के बच्चों ने सूफी संगीत, कव्वाली, लोक संगीत पर आधारित नाटक और राजस्थानी लोक गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन गायत्री मंत्र से हुआ। इसके साथ ही बाल भवन में प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया।