प्रयागराज। तिलक नगर अल्लापुर में चाबी बदलने के नाम पर दो उचक्कों ने घर से लाखों के गहने उड़ा दिए। घर पर बुजुर्ग महिला को बातों में लगाकर दोनों ने गहने और रुपये उड़ा दिए। 15 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज की गई।
तिलक नगर अल्लापुर के रहने वाले आशीष तिवारी के घर के पास पिछले 17 दिसंबर को दो युवक पुरानी चाबी बदलवाने की आवाज देकर फेरी लगा रहे थे। आशीष की मां ने दोनों से पुरानी आलमारी की चाबी बदलने के लिए उन्हें बुलाया। एक ने अपना नाम परविंदर सिंह और दूसरने अरविंदर सिंह निवासी गोविंदपुर बताया। दोनों चाबी बनाने लगे। इसी बीच उन लोगों ने दो सोने की जंजीर, एक मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठी और कील गायब कर दी।
इसी बीच आशीष की माता को बातों में फंसाकर उन्हें पानी लेने के लिए भेज दिया और बैग लेकर भाग निकले। बाद में देखा गया तो गहने गायब थे। पहले तो पुलिस रिपोर्ट नहीं दर्ज कर रही थी। बाद में अधिकारियों से शिकायत के बाद एफआईआर लिखी गई।
डाक्टर के गार्ड को पीटा, एफआईआर दर्ज
प्रयागराज। लाउदर रोड जार्जटाउन के रहने वाले डाक्टर प्रकाश खेतान के गार्ड दिनेश कुमार को पड़ोस के रहने वाले रवि आनंद अग्रवाल ने जमकर पीटा और गाली गलौज की। गार्ड की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दिनेश का आरोप है कि रवि ने डाक्टर के घर के सामने गाड़ी पार्क की थी। उसने बुधवार की रात साढ़े नौ बजे पूछा कि गाड़ी किसकी है और यहां क्यों खड़ी है। इसी बात पर रवि ने अन्य लोगों को बुला लिया। उसने लात घूंसों से मार मारकर दिनेश को लहूलुहान कर दिया। डाक्टर को भी गालियां दीं। कहा कि सुधरे नहीं तो फिर मारेंगे।