मऊआइमा थाना क्षेत्र के गंसियारी गांव में जमीन बंटवारे के विवाद में एक ही परिवार घर में खूनी संघर्ष हो गया। दो भाईयों ने अपने सगे भाई एवं भाभी को लाठी-डण्डे से इतना पीटा कि भाभी की मौत हो गई। भाई को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में दोनों भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। फिलहाल घटना के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
मऊआइमा रामनगर गंसियारी गांव निवासी स्व. शंकर लाल सरोज के तीन पुत्र है। तीन पुत्रों में सबसे बड़ा राज कुमार, वीरेंद्र कुमार एवं सबसे छोटा पुत्र अमित कुमार है। बताया जाता है कि जमीन को लेकर अक्सर विवाद भाइयों के बीच में चला आ रहा है।
बुधवार की रात फिर विवाद हो गया। इस दौरान भाईयों के बीच जमकर लाठियां चलने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो भाइयों के बीच हो रही मारपीट में राज कुमार एवं उसकी पत्नी संगीता (45) गंभीर रूप से जख्मी होकर जमीन पर तड़पने लगी। कुछ देर बाद संगीता की मौत हो गई।
घटना के बाद दोनों आरोपी दोनों भाई मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पर पहुंची पुलिस ने घायल राज कुमार को स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया। साथ ही संगीता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में राजकुमार के पुत्र राम किशुन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी वीरेंद्र कुमार एवं अमित कुमार सरोज पर हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।