शाहगंज में घटना, सलमान खान को धमकाने वाले शेरा का आया नाम
प्रयागराज। शाहगंज के दायराशाह अजमल मोहल्ले में बदमाशों ने उधार न देने पर जमकर तांडव किया। दुकान में तोड़फोड़ के साथ ही दुकानदार को निशाना बनाकर फायरिंग भी की। गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गया। आरोप है कि हमलावरों में सलमान खाने को धमकाने वाला शेरा भी शामिल था। भुक्तभोगी ने शाहगंज थाने में मामले की लिखित शिकायत की है।
दायराशाह मोहल्ले मेें रहने वाला अक्षयबाबू वहीं पान के साथ ही जनरल मर्चेंट की दुकान चलाता है। उसका आरोप है कि बृहस्पतिवार रात 10.15 बजे के करीब मोहल्ले के दो युवक उसकी दुकान पर पहुंचे और सिगरेट मांगी। उनका पहले से बकाया था, ऐसे में उसने उधार सामान देने से मना कर दिया। जिसके बाद युवक चले गए। लेकिन कुछ देर बाद वह फिर वापस आए और गालीगलौज करते हुए दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। रोकने की कोशिश पर दुकानदार को खींचकर पीटना शुरू कर दिया और फिर फायरिंग भी कर दी। गोली चलने से वहां सनसनी फैल गई। शोरगुल सुनकर मोहल्ले के लोग निकले तो हमलावर गाली देते हुए भाग निकले।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पूछताछ में दुकानदार ने बताया कि हमलावरों में इसी मोहल्ले का विक्की व शेरा नाम के युवक शामिल थे। चर्चा है कि शेरा वही बदमाश है, जो बॉलीवुड स्टार सलमान खान को धमकाकर चर्चा में आया था। पिछले साल पुलिस ने उसे जेल भी भेजा था लेकिन बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया था। उधर शाहगंज एसओ बृजेश सिंह का कहना है कि दुकानदार को पीटा गया है लेकिन फायरिंग की बात गलत है। शेरा के बाबत उन्होंने बताया कि वह वांछित है और पिछले काफी समय से पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जांच की जा रही है।