फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj : मजदूरी करने निकले युवक की हत्या, घर के पास मिली अधजली लाश, अखिलेश-मायावती ने योगी सरकार को घेरा

Mon, 14 Apr 2025 12:44 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

करछना के इसौटा लोहंगपुर गांव में रविवार रात मजदूरी करने गए देवीशंकर (35) की हत्या कर शव जला दिया गया। उसकी अधजली लाश बाग में मिली। आक्रोशित परिजनाें-ग्रामीणों ने गांव के ही एक परिवार पर आरोप लगाकर एक सदस्य पर हमले का प्रयास भी किया।
विज्ञापन
युवक की हत्या के बाद गांव में पहुंची पुलिस फोर्स। - फोटो : संवाद।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

करछना के इसौटा लोहंगपुर गांव में रविवार रात मजदूरी करने गए देवीशंकर (35) की हत्या कर शव जला दिया गया। उसकी अधजली लाश बाग में मिली। आक्रोशित परिजनाें-ग्रामीणों ने गांव के ही एक परिवार पर आरोप लगाकर एक सदस्य पर हमले का प्रयास भी किया। रोकने पर पुलिस से धक्कामुक्की भी की।

परिजनों की तहरीर पर सात लोगों को नामजद करते हुए पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया है। देवीशंकर मजदूरी के साथ ही शादियों में बाजा बजाने का भी काम करता था। पिता अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार रात 10:30 बजे के करीब गांव का ही दिलीप सिंह बेटे को गेहूं के बोझ की ढुलाई के लिए बुलाकर ले गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा।

सुबह 5:30 बजे के करीब गांव के लोग घर से 50 मीटर दूर स्थित महुआ के बाग में गए तो वहां उसका अधजला शव पड़ा देखा। कुछ ही देर में वहां परिजनों संग ग्रामीण भी पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मृतक के हाथ बंधे हुए थे और ऐसी आशंका है कि हत्या के बाद हाथ बांधकर शव जलाया गया।जानकारी पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, जिस पर परिजनों-ग्रामीणों ने विरोध कर दिया।

विज्ञापन


उन्होंने गांव के ही दिलीप व उनके घर के छह अन्य सदस्यों पर देवीशंकर को जिंदा जलाने का आरोप लगाकर उनकी गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। उनका घर भी घेर लिया। एक आरोपी पर हमले का प्रयास भी किया। इस पर पुलिस ने किसी तरह आरोपियों को घर से निकालकर भीड़ से बचाते हुए थाने पहुंचाया। बहुत समझाने पर लोग शांत हुए और फिर 11:30 बजे के करीब शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

देवीशंकर। फाइल फोटो - फोटो : संवाद।

इन्हें कराया नामजद

पुलिस अफसरों के मुताबिक, पिता की तहरीर पर दिलीप सिंह, अजय सिंह, विनय सिंह, मनोज सिंह, सोनू सिंह उर्फ संजय, शेखर सिंह, मोहित व अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। पिता ने हत्या करने का आरोप लगाया है, लेकिन कोई वजह नहीं बताई है। उनका कहना है कि आरोपी दिलीप ही उसे बुलाकर ले गया था।

पिता की तहरीर पर सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है और सभी को हिरासत में ले लिया गया है। घटना में उनकी संलिप्तता के बाबत जांच पड़ताल की जा रही है। - विवेक चंद्र, डीसीपी यमुनानगर

अपराधियों के सामने सरेंडर करके पड़ गए हैं ठंडे : अखिलेश

करछना में युवक को जिंदा जलाकर मार दिए जाने की घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला है। अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर उन्होंने लिखा कि प्रयागराज में एक प्रभुत्ववादी द्वारा दलित समाज के एक युवक को जिंदा जलाकर मारने का जो जघन्य अपराध हुआ है, उसने साबित कर दिया है कि सत्ता का अपने लोगों को दिया अवांछित प्रश्रय और अहंकार अब सरेआम हत्याएं तक करवा रहा है।

बाबासाहेब की जयंती के पहले ऐसी घटना को अंजाम देकर कुछ शक्तिशाली लोग अपनी ताकत का जो संदेश समाज को देना चाहते हैं, वे लोग एक बीमार सोच से ग्रसित नकारात्मक और अत्याचारी लोग हैं। देखते हैं इन दबंग आपराधिक तत्वों के घर पर बुल्डोजर भेजने का नैतिक बल और ऊर्जा किसी में शेष है या फिर वे अपराधियों के सामने सरेंडर करके, ठंडे पड़ गए हैं। अंत में उन्होंने लिखा कि अगर निंदनीय से भी निम्नतर कोई शब्द हो सकता है तो उसे इस कुकृत्य की निंदा के लिए इस्तेमाल करना चाहिए।

 

यूपी में कानून व्यवस्था फेल : राकेश टिकैत

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत रविवार को सिविल लाइंस के एक होटल में पहुंचे। उन्होंने प्रेस वार्ता कर सरकार पर हमला बोला। कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल है। आए दिन प्रदेश में हत्या और दुष्कर्म के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने फतेहपुर में एक किसान परिवार के तीन लोगों की हत्या और वाराणसी में छात्रा के साथ हुए गैंगरेप में शामिल सभी आरोपियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, करछना में मजदूर की हत्या के मामले में भी उन्होंने सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज में किसानों की जमीन छीनी जा रही है। यहां अधिकारी और कर्मचारी किसी की नहीं सुन रहे हैं। टिकैत ने कहा कि प्रयागराज में भी एक बड़े आंदोलन की जरूरत है। एक प्रश्न में दूसरे समुदाय का आशय पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि किसान संगठन ने हिंदू-मुस्लिम और वक्फ बोर्ड जैसे शब्दों को ब्लैक लिस्ट में डाल दिया है। प्रेस वार्ता के बाद राकेश टिकैट फतेहपुर के लिए रवाना हो गए। 

सरपत डालकर जलाया शव

ग्रामीणों ने बताया कि शव के आसपास सरपत व गेहूं की बालियां पड़ी थीं। उसके हाथ भी बंधे हुए थे और शरीर औंधे मुंह पड़ा था। आशंका है कि पहले हाथ बांधकर उसकी हत्या की गई। इसके बाद शव पर सरपत डालकर आग लगा दी गई। शव की हालत देखकर यह भी माना जा रहा है कि हत्या में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं।

आरोपियों ने फोन कर पूछा, पापा कहां हैं

मृतक की पत्नी की पांच साल पहले मौत हो चुकी है और वह अपने तीन बच्चों काजल (17) और 14 व 10 वर्षीय दो बेटों के साथ रहता था। बेटी काजल ने बताया कि रविवार सुबह दो आरोपियों ने उसके पास फोन किया। पहले अजय ने कॉल कर पूछा कि तुम्हारे पापा कहां हैं। कुछ देर बाद अजय के भाई विनय ने फोन कर पापा के बारे में पूछा।

युवती को लेकर भी रही चर्चा

उधर, इस घटना के बाद पड़ोसी गांव की एक युवती की भी चर्चा रही। मृतक का पड़ोस के गांव की एक युवती से मिलना जुलना था। कुछ दिनों पहले युवती के संदिग्ध हाल में गायब होने के बाद उसके परिजनों ने मृतक को धमकाया भी था। युवती की 15 दिन बाद शादी होनी थी लेकिन वह इसके लिए राजी नहीं थी। चर्चा इस बात की भी है कि इसे लेकर ही युवती के परिजनाें व मृतक के बीच पंचायत भी हुई थी।

सरकार करे सख्त कार्रवाई : मायावती

मृतक के अनुसूचित जाति से जुड़े होने के चलते इस घटना को लेकर विपक्षी राजनीतिक दलों ने कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर सवाल खड़े किए। पूर्व मुख्यमंत्री व बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक्स पर लिखा कि प्रयागराज के करछना में सामंती तत्वों द्वारा एक दलित की नृशंस हत्या की घटना अति दुखद व चिंतनीय है। प्रदेश में बेलगाम हो रहे ऐसे आपराधिक, असमाजिक व सामंती तत्वों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करके कानून के राज को कायम करे। उधर, दोपहर बाद करछना विधायक पीयूष रंजन निषाद समेत अन्य राजनीतिक दलों के लोगों ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढ़स बंधाया।


विज्ञापन

हमारे घरेलू संबंध, बेटे जैसा था देवीशंकर

इस घटना में आरोपी बनाए गए दिलीप व अन्य के हिरासत में लिए जाने के बाद उनके परिवार में सिर्फ महिलाएं ही शेष हैं। आरोपियों में शामिल अजय व दो अन्य की मां शिवदेवी ने कहा कि उनके परिवार से मृतक के घरवालों के घरेलू संबंध हैं। पिछले कई सालों से दोनों परिवार एक दूसरे को जानते हैं। देवीशंकर उनके लिए बेटे जैसा था। कभी कोई विवाद नहीं रहा। उन्होंने कहा कि उनके बेटे निर्दोष हैं, जिन्हें गलत फंसाया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

गांव छावनी में तब्दील, फोर्स तैनात

घटना को लेकर गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इसे देखते हुए गांव छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एहतियातन फोर्स तैनात कर दी गई है। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र ने बताया कि गांव में सतर्क दृष्टि रखी जा रही है।

गला घोंटकर हत्या करने के बाद जलाया शव

दोपहर बाद दो डाॅक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया। सूत्रों के मुताबिक, इसमें पता चला कि गला घोंटकर युवक की हत्या की गई। पोस्टमार्टम में मौत की वजह गला घोंटने से दम घुटना आया है। शरीर लगभग 70 प्रतिशत तक झुलस गया था और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद यह साफ है कि हत्या के बाद शव जलाया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें