नव वर्ष का आगाज कोरोना संक्रमण से राहत देने वाले आंकड़े से हुआ। 31 दिसंबर को करीब छह महीने बाद संक्रमितों की संख्या सिर्फ 22 पर सिमट गई। वहीं कोरोना को मात देने वालों की संख्या संक्रमितों से करीब तीन गुना 65 रही। उपचार के दौरान एक संक्रमित की मौत के साथ कोविड से जान गंवाने वालों की आंकड़ा 375 हो गया है।
नोडल अधिकारी कोरोना डॉ ऋषि सहाय के मुताबिक बृहस्पतिवार को कुल 5675 लोगों की कोविड जांच की गई। 22 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। राहत की बात यह है कि अधिकतर संक्रमितों में कोरोना के प्रारंभिक लक्षण परिलक्षित नहीं हैं। दूसरी बीमारियों से पीड़ित एक कोरोना पीड़ित की अतिगंभीर स्थिति में मौत हुई है।
नोडल अधिकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार को संक्रमितों की सूची में एनसीआर रेलवे के चीफ एक एकाउंट आफीसर, एक हाईकोर्ट कर्मचारी तथा प्राइमरी स्कूल की एक शिक्षिका भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या भी करीब छह महीने बाद 543 पर आया है।
पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ का स्वास्थ्य बेहतर
कोरोना संक्रमित पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी का स्वास्थ्य पहले से बेहतर है। डॉक्टरों की टीम ने बृहस्पतिवार को उनका परीक्षण किया। सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय के मुताबिक चूंकि ट्रूूनॉट जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है, इसलिए अन्य लक्षणों के बारे में जानकारी ली गई है। आरटीपीसीआर जांच के लिए स्वाब नमूना लेने के लिए टीम को निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व राज्यपाल की स्थिति पहले से बेहतर है।
समर्थकों, शुभचिंतकों ने पूछा हाल
पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के कोरोना संक्रमित होने की खबर से समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता बढ़ी है। बृहस्पतिवार को उनके आवास पर हाल जानने वालों का तांता लगा रहा। लोगों ने उनके जल्दी संक्रमणमुक्त होने की कामना की है। वहीं कुछ मठ, मंदिरों में उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना से अनुष्ठान भी किए गए।