स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में बुधवार को जन्मे एक दिन के बच्चे की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। उसकी कोविड संक्रमित मां अभी भर्ती है। अस्पताल प्रशासन ने जांच के बाद बच्चा उसके पिता के सुपुर्द कर दिया।
प्रतापगढ़ के पट्टी सलाहपुर निवासी गर्भवती महिला को कोरोना संक्रमित पाए जाने पर एसआरएन अस्पताल के कोरोना वार्ड में भर्ती कराया गया था। बुधवार को प्रसव पीड़ा के बाद चिकित्सकों ने एहतियात बरतते हुए बुधवार को प्रसव कराया। उसने पुत्र को जन्म दिया जिसे तुरंत आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया।
अस्पताल में इससे पहले एक कोरोना संक्रमित महिला के बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। एसआरएन में कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. सुजीत के मुताबिक बाल रोग चिकित्सकों की मौजूदगी में बृहस्पतिवार की सुबह नवजात का स्वाब नमूना लेकर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में भेजा गया था। जहां शाम को उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद बच्चे को उसके पिता के सुपुर्द किया गया। उसकी मां अभी कोरोना वार्ड में ही भर्ती रहेगी।
एसआरएन अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित स्टाफ नर्स की रिपोर्ट बृहस्पतिवार को निगेटिव आई है। परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उन्हें स्वस्थ बताया लेकिन भर्ती के 12 दिन पूरे न होने के कारण उन्हें अस्पताल से छुट्टी नहीं दी गई।