दीपावली बाद अचानक बढ़ी कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार दूसरे दिन कमी से लोगों के साथ स्वास्थ्य कर्मियों ने राहत की सांस ली। मंगलवार को 5637 लोगों की कोविड जांच को नमूने लिए गए। 24 घंटे में 63 संक्रमित चिह्नित किए गए। 109 लोग संक्रमण मुक्त हुए। वहीं उपचार के दौरान एक मरीज की मौत हो गई।
सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी के मुताबिक जांच का दायरा बढाया गया लेकिन संक्रमितों की संख्या कम हुई। 24 घंटे में सिर्फ 63 लोगों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं संक्रमण मुक्त होने वालों में 28 कोविड अस्पतालों से डिस्चार्ज किए गए। 81 लोगों ने होम आइसोलेशन पूरा किया। उन्होंने बताया कि अब तक 18496 लोग होम आइसोलेशन में स्वस्थ हो चुके हैं। सीएमओ के मुताबिक मंगलवार को 5637 जांच की गई। जिसमें 2897 एंटीजन, 2478 आरटीपीसीआर, (110 निजी लैब), ट्रूनॉट 152 जांचें शामिल हैं।
एसआरएन में 116, बेली में 43 मरीज भर्ती
विभिन्न कोविड अस्पतालों में 193 मरीज भर्ती हैं। एसआरएन में 116 मरीज, बेली में 43 मरीज भर्ती हैं। निजी क्षेत्र के कोविड अस्पताल यूनाइटेड मेडिसिटी में 34 संक्रमित मरीज भर्ती हैं।
डॉक्टर, एनटीपीसी के सुपरवाइजर संक्रमित
मंगलवार को कोविड संक्रमितों की सूची में एक हड्डी रोग विशेषज्ञ भी शामिल हैं। नोडल अधिकारी कोरोना डॉ. ऋषि सहाय के मुताबिक रेलवे के डिवीजनल इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (डीईई), हाईकोर्ट के दो कर्मचारी, नगर पंचायत शंकरगढ़ के एक अफसर भी संक्रमित हुए हैं।