चार नए मामले सामने आने से जिले मेें कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 95 हो गई है। इसके साथ हॉटस्पॉट की संख्या भी बढ़कर 46 हो गई है। इसमें पटेलनगर, मीरापुर, मऊआइमा का जमखुरी और जोगीपुर है। प्रतापपुर के मरीज के गांव का पता देर रात तक नहीं चल पाया था। पटेल नगर के पॉजिटिव आए व्यक्ति की टूर हिस्ट्री नहीं है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के अफसरों में चिंता बनी हुई है।
रविवार को करेली में पॉजिटिव आए दो मामलों के सोर्स का भी पता नहीं चला है। मीरापुर का अधेड़ घर पर ही था और पांच दिनों से बुखार, खांसी की शिकायत होने पर अपने एक डॉक्टर रिश्तेदार के कहने पर निजी लाल पैथ लैब में जांच कराई थी। कोरोना के नोडल इंचार्ज डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि अधेड़ को एसआरएन में भर्ती कराया गया है।
उधर, मऊआइमा के जमखुरी में पॉजिटिव आया 35 वर्षीय युवक और जोगीपुर का 19 वर्षीय युवक भिवंडी से 22 मई को लौटे थे। उनका स्वाब सैंपल लेने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम गई हुई थी। प्रतापपुर का युवक 40 वर्ष का है। उसकी भी टूर हिस्ट्री की बात कही जा रही है। फिलहाल इसके बारे में देर रात तक जानकारी जुटाई जाती रही। मऊआइमा के दोनों युवकों को एल-1 हॉस्पिटल शिफ्ट करा दिया गया।
सैदाबाद की बच्ची की रिपोर्ट फिर आई पॉजिटिव
सैदाबाद के अंजना गांव की पांच साल की बच्ची की रिपोर्ट फिर पॉजिटिव आई है। उसे स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के अलग वार्ड में रखा गया है। उसके साथ उसकी मां को पीपीई किट में देखरेख के लिए लगाया गया है। बच्ची अपने माता-पिता और भाई के साथ मुंबई से आई थी। सभी को कालिंदीपुरम क्वारंटीन सेंटर पर रखा गया था। बाकी तीनों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर बच्ची की दोबारा जांच कराई गई है।
एक की छुट्टी, एक संदिग्ध भर्ती, 124 के भेजे गए नमूने
कोटवां-बनी में भर्ती 11 मरीजों में सोमवार को एक को छुट्टी दे दी गई जबकि स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में संदिग्ध मिलने पर एक व्यक्ति को भर्ती किया गया है। यह व्यक्ति जिले का है और उसे बुखार, खांसी की शिकायत है। उधर, स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को 124 नमूने लिए गए हैं।
नमूने लेने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम मेजा, धनुपुर और फूलपुर सहित विभिन्न इलाकों में गई थी। कालिंदीपुरम स्थित इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन सेंटर के नोडल डॉ0 आनंद सिंह ने बताया कि कालिंदीपुरम से 25 नमूने लिए गए हैं। बाकी उक्त तीनों इलाकों के हैं।