मरने वाले तीनों शहर के निवासी
प्रयागराज। कोरोना से शुक्रवार को मरने वाले तीनों शहर के निवासी हैं। इसमें एक अधेड़ है जबकि दो बुजुर्ग हैं। बुजुर्गों में एक 80 वर्षीय महिला है। तीनों का स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में उपचार चल रहा था। मौत के बाद एक बुजुर्ग का अंतिम संस्कार भी किया गया। डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि मरने वालों में पहले 79 वर्ष के मुट्ठीगंज निवासी पुरूष, दूसरे 52 वर्षीय जार्जटाउन निवासी पुरूष और तीसरी रोशनबाग की 80 वर्षीय महिला है। तीनों अलग-अलग तिथियों में एसआरएन चिकित्सालय में भर्ती हुए थे। शुक्रवार को तीनों की मौत हो गई।
पूर्व विधायक की पत्नी, सीआईएसएफ के कमांडेंट संक्रमित
शुक्रवार को शहर उत्तरी के विधायक अनुग्रह नारायण सिंह की पत्नी, सीआईएसएफ के कमांडेंट, असिस्टेंट कमांडेंट सहित कई लोग संक्रमित मिले हैं। कोरोना के नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इसके अलावा कोरांव सीएचसी के डॉक्टर, रेलवे हॉस्पिटल की नर्स, हाईकोर्ट के दो अधिवक्ता, समीक्षा अधिकारी, सीडीए पेंशन के दो ऑडिटर, दो कांस्टेबल, बमरौली स्थित फूलवती इंटर कॉलेज के शिक्षक, फूलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक, सीआरपीएफ का कांस्टेबल संक्रमित पाए गए हैं।