कोरोना ने सोमवार को व्यापारियों, बैंक कर्मचारियों और शिक्षकों को भी निशाना बनाया। संक्रमित पाए गए कुल लोगों में 71 की एंटीजन टेस्ट से पुष्टि हुई, जबकि 55 की आरटीपीसीआर जांच कराई गई। 12 लोग निजी अस्पतालों से पॉजिटिव आए। 39 महिलाएं भी संक्रमित हुईं हैं। पॉजिटिव आने वाले ज्यादातर लोग पुराने शहर के हैं।
कोरेाना के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि पॉजिटिव आने वालों लोगों में एसआरएन चिकित्सालय के डॉ. एसपी तिवारी, दो एचडीएफसी बैंक कर्मचारी, एसबीआई के दो कर्मचारी, दो अध्यापक, एक सिविल इंजीनियर, एक निजी फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी है। इसके अलावा लूकरगंज निवासी एक बड़े कारोबारी भी कोरोना की चपेट में आ गए।
फायर स्टेशन तथा एनटीपीसी बारा के कर्मचारी भी संक्रमित हुए हैं। पॉजिटिव पाए गए लोगों में 50 फीसदी संपर्की हैं। सोमवार को मिले संक्रमितों में अधिकांश करेली, दरियाबाद, कटरा, नैनी, झूंसी, लूकरगंज, चकिया, बेनीगंज, सिरसा, अलोपीबाग, शंकरगढ़, करछना, अतरसुइया, राजापुर, गढ़ीकला, प्रीतमनगर, चौक, फाफामऊ, सिविल लाइंस, नेवादा, मुट्ठीगंज, जार्जटाउन के एक अपार्टमेंट, करेलाबाग, मंसूराबाद, थरवई रोड, हंडिया, कीडगंज आदि इलाकों के हैं।