कोरोना की रिपोर्ट के लिए अब आपको परेशान नहीं होना पड़ेगा और न ही सीएमओ दफ्तर या जांच सेंटरों के चक्कर लगाने की जरूरत होगी। घर बैठे एक क्लिक पर कोरोना रिपोर्ट देख सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग कोरोना मरीजों की सुविधा के लिए दो-तीन दिनों में एक वेबसाइट शुरू करने जा रहा है। इस पर जाकर लोग अपनी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट देख सकेंगे।
कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि रिपोर्ट देने के लिए अभी तक सीएमओ दफ्तर में व्यवस्था की गई है। लोगों के आवेदन पर रिपोर्ट दी जा रही थी, लेकिन अब इस व्यवस्था को और आसान बनाया दिया जाएगा।
हर कोई अपनी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट एंड्ररायड मोबाइल फोन, लैपटॉप या कंप्यूटर पर देख सकेगा। उसके लिए एक वेबसाइट शुरू की जा रही है। तकनीकी अड़चनों की वजह से उसे मंगलवार को लांच नहीं किया जा सका। इसे शुरू करने के लिए अभी दो-तीन दिनों का समय लगेगा। लोग कोविड 19 रिपोर्ट प्रयागराज डॉट इन पर क्लिक कर जान सकेंगे।
मोबाइल नंबर अपलोड करने के बाद इसमें एक ओटीपी नंबर जनरेट होगा। वह नंबर संबंधित व्यक्ति के मोबाइल पर जाएगा। उस ओटीपी नंबर के अपलोड करने पर कोरोना जांच रिपोर्ट कंप्यूटर, लैपटॉप या मोबाइल स्क्रीन पर ओपन होगी।
उन्होंने बताया कि वेबसाइट का काम प्रगति पर है। ओटीपी सिस्टम डेवलप किया जा रहा है। इसलिए उसकी लांचिंग को रोक दिया गया था। ओटीपी सिस्टम के डेवलप होने से लोग सिर्फ अपनी रिपोर्ट ही देख सकेंगे। इससे लोगों की निजता भी बनी रहेगी। लोग अपनी रिपोर्ट को प्रिंट भी करा सकेंगे।
बता दें कि पिछले 24 घंटे के दौरान प्रयागराज में कुल 338 नए संक्रमित मिले और चार लोगों की मौत हो गई। नए संक्रमितों के साथ जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 7815 हो गई। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद 67 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके अलावा 195 लोगों का होम आइसोलेशन भी पूरा हुआ। जनपद में मंगलवार को एक्टिव केसों की संख्या 1999 हो गई।