खादी मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, भाजपा यमुनापार अध्यक्ष कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। बुधवार को शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री के साथ महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने भी शिरकत की थी। इसलिए वह भी एहतियातन होम क्वारंटीन हो गई हैं।
उन्होंने अपने गनर समेत सभी निजी स्टॉफ को तीन दिन के लिए होम क्वारंटीन रहने को कहा है। इसके अलावा भाजपा के यमुनापार अध्यक्ष विभव नाथ भारती भी संक्रमित पाए गए हैं।
रिपोर्ट मिलने के बाद उनको पीजीआई लखनऊ भेज दिया गया है। वहीं, बृहस्पतिवार को जिले में संक्रमितों की संख्या 301 रही। जबकि, कोरोना संक्रमण से पीड़ित पांच मरीजों की मौत हो गई।
भाजपा के मीडिया प्रभारी के मुताबिक मंत्री ने खुद ट्ीवट कर संक्रमित होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया है कि कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। चूंकि मंत्री ने एक दिन पहले ही बुधवार को प्रयागराज में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था, इसलिए संपर्क में आए लोगों को कोविड जांच कराने की सलाह दी गई है।
वहीं, भाजपा के यमुनापार अध्यक्ष भी कोविड पॉजिटिव आए हैं। उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। कल उन्होंने जांच कराई पर सांस लेने में दिक्कत के कारण उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया।
यमुनापार मीडिया प्रभारी दिलीप चतुर्वेदी ने बताया कि यमुनापार अध्यक्ष को प्रभारी मंत्री महेंद्र सिंह के निर्देश पर एंबुलेंस से पीजीआई लखनऊ भेज दिया गया। कहा कि ऐसे लोग जो पिछले कुछ दिनों के दौरान यमुनापार अध्यक्ष के संपर्क में आए हो वह अपनी जांच करा लें।