प्रयागराज। मंडलायुक्त आर.रमेश कुमार ने कोविड के गंभीर मरीजों को समय रहते एल-3 या किसी बड़े सेंटर के लिए रेफर किए जाने की बात कही। युनाइटेड अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे मंडलायुक्त ने कहा कि देखने में आ रहा है कि मरीजों की स्थिति बिगड़ने के बाद रेफर किया जा रहा है। यह चिंताजनक है। किसी भी दशा में मरीज की स्थिति को गंभीर न होने दिया जाए, उससे पहले ही मरीज को रेफर कर दिया जाए।
मंडलायुक्त ने अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
युनाइटेड अस्पताल के निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि आईसीयू में कोविड के कुल 37 मरीज भर्ती हैं। बताया कि अस्पताल में कुल 200 बेडों की व्यवस्था है, जिसमें से वर्तमान समय में 48 बेड़ आईसीयू के है। मंडलायुक्त ने अस्पताल में आईसीयू बेड़ों की संख्या बढ़ाने तथा उसी के अनुरूप स्टाफ की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि निजी अस्पतालों में निर्धारित रेट पर इलाज किया जाए। निर्देश दिया कि मानक के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त भगवान शरण, अपर निदेशक स्वास्थ्य आदि मौजूद रहे।