फुटपाथ पर रोज़गार करने वालों के लिए बनाई जाए फुटपाथ कालोनी - इलाहाबद विकास मंच
इलाहाबाद विकास मंच ने प्रदेश सरकार से फुटपाथ पर रोज़गार करने वालों केलिए फुटपाथ कालोनी बनाकर आवास दिए जाने और राशन की दुकानों पर चीनी व मिट्टी का तेल दिए जाने की मांग की। साथ ही प्रदेश में बिजली की दरें तीन रुपये प्रति यूनिट कम किए जाने की भी मांग रखी गई। मंच की ओर से बृहस्पतिवार को काडजू रोड स्थित एक होटल में इलाहाबाद हाईकोर्ट के नवनिर्वाचित गवर्निंग काउंसिल मानव चौरसिया, मंच के सदस्य सर्वेश दुबे, फरीद खान और रवि बाबू जायसवाल को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डा. राजेश सिंह, रमेश चंद्र केसरवानी, संजय श्रीवास्तव, कुलदीप चौरसिया, दिनेश वर्मा, संजय चौरसिया, लाला भाई आदि को मंच की सदस्यता दिलाई गयी। इस मौके पर मंच के अध्यक्ष बद्री चौरसिया, जावेद अहमद, डा. अरशद प्रागी, विगुन तिवारी, डा. अहमद अब्बास, दयाराम चौरसिया, पूनम यादव, अबरार अहमद, जुल्फिकार मुन्ना, मो आशिक, शत्रुद्यन सिंह रावत समेत कई लोग मौजूद रहे।
बेकसूर लोगों पर दर्ज की गई फर्जी एफआईआर - एआईएमआईएम
प्रयागराज। एआईएमआईएम यूथ के जिला महासचिव एहसान अहमद ने पार्टी के कार्यकर्ताओं पर दर्ज हुए एफआईआर को फर्जी बताते हुए एसएसपी को ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की। एहसान ने ज्ञापन में कहा कि करेली थाने में अतीक अहमद के बेटे और पार्टी कार्यकर्ताओं को साजिशन फंसाने की कोशिश की गई है। वायरल वीडियो रिकार्डिंग और एफआईआर के बीच कोई तालमेल नहीं है। प्रदेश में बढ़ती असदउद्दीन ओवैसी की ताकत को कमज़ोर करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है। पार्टी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करती है। इस मौके पर पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शराब पीकर अराजकता फैलाने वालों पर कसा जाए शिकंजा, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
प्रयागराज। इलाहाबाद विकास मंच ने शराब पीकर अराजकता फैलाने वालों पर और शराब की नियमविरुद्ध दुकानों के खिलाफ कड़ी कार्यवाई किए जाने के लिए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। मंच केअध्यक्ष बद्री चौरसिया और महिला शाखा की अध्यक्ष पूनम यादव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में शराब की दुकानों के पास गाली-गलौज, छेड़खानी व छीटाकंशी की घटना, बिना पार्किंग के माडल शाप, नियमविरुद्ध शैक्षिक व धार्मिक स्थल के आसपास दुकान खोले जाने व सड़क पर खुल्लमखुल्ला शराब पीने वालों पर कठोर कार्यवाई किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में डा. राजेश सिंह, मनोज निषाद, निशा मिश्रा, कुलदीप चौरसिया, जावेद अहमद, कीर्ति चौरसिया व संजय चौरसिया समेत कई लोग मौजूद रहे।
नए साल पर 34 आबकारी सिपाही को मिला तोहफा, बने उप आबकारी निरीक्षक
आबकारी विभाग ने नए साल पर कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। लंबे समय से पदोन्नति का इंतज़ार कर रहे प्रदेश के 34 आबकारी सिपाहियों को उप आबकारी निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें मुख्यालय में तैनात शरद कुमार पाण्डेय भी शामिल हैं। आबकारी विभाग के मुख्यालय से इनकी सूची बुधवार देर रात जारी कर दी गई है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लंबे समय के बाद इतनी बड़ी संख्या में पदोन्नति प्रदान की गई है।