हॉस्टल के छात्रों ने मेहमानों को पीटा, गाड़ियों में की तोड़फोड़
कर्नलगंज के सलोरी में 40-25 हमलावरों ने की वारदात
प्रयागराज। कर्नलगंज के सलोरी स्थित मैरिज हाउस में छेड़छाड़ के विरोध पर जमकर उपद्रव हुआ। 40-45 की संख्या में पहुंचे हॉस्टल के छात्रों ने मेहमानों को हॉकी-डंडों से पीटा। साथ ही वहां खड़े वाहनों व अन्य सामान में भी तोड़फोड़ की। पिटाई से कई लोग चोटिल भी हुए। मामले में चार नामजद व 30-40 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
चांदपुर सलोरी में रहने वाले सूरज प्रकाश मिश्रा बीएचएस कर्मचारी हैं। 25 फरवरी को उनके बेटे नीरज की शादी थी। जिसके तीन दिन बाद 28 को सलोरी स्थित कृष्णा वाटिका में प्रीतिभोज कार्यक्रम था। नीरज ने बताया कि रात 11 बजे के करीब दो युवक मैरिज हाउस में खाना खाने के बहाने आए और बच्चियों व महिलाओं से छेड़छाड़ शुरू कर दी। घरवालों के विरोध पर दोनों वहां से चले गए लेकिन कुछ देर बाद 40-45 युवकों के साथ वापस आ धमके। सभी हॉकी, रॉड व डंडों से लैस थे और आते ही गालीगलौज करते हुए मेहमानों को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान महिलाओं व बच्चों को भी पीटा गया। साथ ही वहां खड़े वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। हमलावरों ने खाना फेंक दिया व फर्नीचर समेत अन्य सामान भी तोड़ दिया। उपद्रव से दहशत फैल गई और कार्यक्रम में शामिल होने आईं महिलाएं व बच्चे चीखने लगे।
हमलावरों ने तोड़फोड़ करते हुए दो कार व दो बाइकें क्षतिग्रस्त कर दीं। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल के बाद मैरिज हाउस के पास से ही तीन युवकों को हिरासत मेें ले लिया। इनमें अश्वनी कुमार व विकास वर्मा निवासी कटरहा थाना टड़ियावा जिला हरदोई और राजू सोनकर निवासी ग्राम पाण्डेयपुर थाना मिर्जापुर शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बताया कि वह तीनों अंबेडकर छात्रावास के अंत:वासी हैं और हमलावरों में उनके छात्रावास के श्रीकान्त के साथ ही अन्य छात्र शामिल थे। उधर रात में ही भुक्तभोगी ने थाने पहुंचकर तहरीर दी जिसके आधार पर छेड़छाड़, बलवा, मारपीट समेत अन्य धाराओं में चार नामजद व 30-40 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई। कर्नलगंज पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीन युवकों का शांतिभंग में चालान किया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।
पिछले साल भी हुआ था बवाल
सलोरी में शादी समारोह के दौरान मैरिज हाउस में बवाल की यह पहली घटना नहीं है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में बड़ी संख्या में किराये पर कमरा लेकर छात्र रहते हैं। साथ ही यहां हॉस्टल भी है। इनमें से कुछ दबंग प्रवृत्ति के छात्र अक्सर शादियों में बिना बुलाए खाना खाने पहुंच जाते हैं। विरोध पर मारपीट और उपद्रव पर उतारू हो जाते हैं। पिछले साल 25 जनवरी को ऐसी ही वारदात में ईश्वरशरण गार्डन में आयोजित शादी समारोह में हॉस्टलरों ने जमकर उपद्रव किया था। मैरिज हाउस में तोड़फोड़ कर आधा दर्जन वाहन व अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिए। साथ ही पथराव भी किया था।