ज्येष्ठ मास के बड़े मंगल पर हनुमान मंदिरों में झांकियां सजाई गईं। रंग-बिरंगे फूलों सजे दरबारों में कहीं भजन तो कहीं सुंदरकांड के पाठ हुए। सिंदूर और लाल वस्त्रों से भव्य शृंगार के बाद वेदपाठी ब्राह्मणों ने सस्वर मंत्रोच्चार किया। सुख-समृद्धि, मंगल की कामना से दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही।
ललिता देवी मंदिर स्थित हनुमान जी के दरबार में बडे़ मंगल के अवसर पर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। हनुमान जी का तुलसी से शृंगार किया गया। शाम को आरती के बाद लड्डू बांटा गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष हरिमोहन वर्मा, महामंत्री धीरज नागर, सुमित श्रीवास्तव, पीसी वर्मा, सत्येंद्र सिंह, दिलीप केसरी, विक्की चोपडा, कौशल केशरवानी, बाल कृष्ण वर्मा, राजा राम पाल समेत तमाम लोगों ने उत्सव में हिस्सा लिया।
संगम स्थित बड़े हनुमान मंदिर परिसर में भव्य सजावट की गई। सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं का रेला उमड़ता रहा। बड़े हनुमान केदरबार में सिंदूर लेपन के बाद फूलों से विशेष शृंगार किया गया। इसके बाद मंदिर के गर्भगृह में वेदपाठी ब्राह्मणों ने सस्वर मंत्रोच्चार के साथ षोडशोपचार पूजन कर राष्ट्र की उन्नति और खुशहाली के लिए कामना की। इसके बाद दुग्धाभिषेक कर भोग अर्पित किया गया। फिर भव्य शृंगार आरती उतारी गई। शृंगार आरती में सैकड़ों की तादाद में श्रद्धालु शामिल थे। इसी तरह हाईकोर्ट स्थित न्यायविद हनुमान के दरबार में विशेष शृंगार झांकी के बाद आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इसी तरह प्राचीन वैदिक पाठशाला की ओर से बड़े मंगल को हनुमान जी का रंग-बिरंगे फूलों से मोहक शृंगार किया गया। इस दौरान भजनों की प्रस्तुति पर भक्त झूमते रहे। जय चौरसिया, दिलीप श्रीवास्तव, पं किशोर कुमार पाठक, सौरभ पाठक, नीरज पाठक, मोहन मिश्रा समेत तमाम भक्तों ने आरती उतारी। सिविल लाइंस स्थित हनुमत निकेतन में भी शृंगार झांकी के दर्शन के लिए तांता लगा रहा। इसी तरह नारायण प्रसाद अस्थाना वेलफेयर समिति के तत्वाधान में सुभाष चौराहे के पास भंडारे में गरीबों को पूड़ी, मिठाई शर्बत का वितरण किया गया। समिति के अध्यक्ष संजय त्रिपाठी,सचिव नीरज श्रीवास्तव, प्रशांत शर्मा, प्रशांत यादव, अजीत, पंकज, संजय, संदीप, जीके मिश्रा समेत तमाम लोगों ने भंडारे में योगदान दिया।