जमीन के विवाद में दो भाइयों में खूनी संघर्ष हो गया। एक भाई ने अपने बेटे के साथ मिलकर दूसरे को लाठी डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। साथ ही शव को कब्जे में ले लिया।
सोरांव थाना क्षेत्र के बिजलीपुर मजरा टिकरा गांव निवासी श्रीकांत सरोज और लक्ष्मीकांत सरोज में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। लक्ष्मीकांत गांव का चौकीदार था। मंगलवार की देर रात दोनों भाइयों में बहस हो गई।
इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी डंडे निकल गए। आरोप है कि श्रीकांत सरोज और उसके बेटों ने लाठी डंडों से लक्ष्मीकांत (40) पुत्र स्व. रामसुमेर सरोज पर हमला बोल दिया। पिटाई से घायल लक्ष्मीकांत ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों की सूचना पर लालगोपालगंज चौकी प्रभारी चंद्रभूषण मोर गांव पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।