पुरी की श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा में उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रयागराज की सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड ने मानव सेवा ही माधव सेवा के मूल मंत्र को सच साबित किया। टीम ने लगातार बारिश और लाखों की भीड़ के बीच 300 से अधिक श्रद्धालुओं को त्वरित प्राथमिक उपचार देकर उनकी जान बचाई। 36वें नेशनल सर्विस कैंप के तहत 15 से 17 जुलाई तक चले इस महाअभियान में प्रयागराज के छह सदस्यीय दल ने विपरीत परिस्थितियों में उत्कृष्ट सेवाएं देकर राष्ट्रीय स्तर पर उमरे का नाम रोशन किया है।
पुरी के ग्रैंड ट्रंक रोड और मेडिकल कॉलेज क्षेत्र जैसे सबसे व्यस्त इलाकों में तैनात प्रयागराज की टीम के सामने भारी भीड़ और लगातार हो रही बारिश सबसे बड़ी चुनौती थी। भगदड़ और दबाव के कारण चोटिल होने, गिरने, फ्रैक्चर, बेहोशी और अन्य दुर्घटनाओं का शिकार हुए श्रद्धालुओं को कॉर्पोरल अमित कुमार मौर्य के नेतृत्व में टीम ने तुरंत मौके पर ही मेडिकल मदद की।
अत्यधिक भीड़ के बीच से एम्बुलेंस के लिए सुरक्षित रास्ता तैयार करना और गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल शिफ्ट करना एक बेहद कठिन काम था, जिसे टीम ने अपने तालमेल और अनुभव से आसान बना दिया। सेवा दल में सार्जेंट विजय प्रकाश राम, महेश कुमार, सोनू कुमार, सुनील कुमार और राम सजीवन पटेल शामिल रहे। टीम के इस अदम्य साहस, अनुशासन और बेमिसाल सेवा भाव को देखते हुए ओडिशा ब्रिगेड ने सेंट जॉन एंबुलेंस के सभी सदस्यों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया है।