23 मई को मुंडेरा मंडी में होने वाली
लोकसभा चुनाव की मतगणना के लिए भाजपा और सपा के इलाहाबाद एवं फूलपुर संसदीय सीट के प्रत्याशियों ने अपने एजेंट की सूची जिला प्रशासन को सौंप दी है। दोनों ही दल के प्रत्याशियों ने काउंटिंग के मद्देनजर 75 एजेंटों की सूची दी है। हर विधानसभा में 14-14 एजेंट काउंटिंग में शामिल रहेंगे, जबकि एक-एक एजेंट एआरओ टेबल पर मिलान के लिए रहेगा।
इलाहाबाद संसदीय सीट से भाजपा की डॉ. रीता बहुगुणा जोशी एवं फूलपुर संसदीय सीट से पार्टी प्रत्याशी केशरी देवी पटेल के इलेक्शन एजेंट ने जिला निर्वाचन अधिकारी को एजेंटों की सूची सौंपी। भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक दीपक पटेल एवं डा. रीता बहुगुणा जोशी के प्रतिनिधि अभिषेक शुक्ला ने बताया कि हर विधानसभा में 14-14 एजेंट मतगणना के लिए रहेंगे। इसके अलावा एक-एक एजेंट एआरओ टेबल पर रहेगा।
ख़ास आपके लिए:- लोकसभा चुनाव नतीजे: आपके शहर में कौन आगे, कौन पीछे...पल-पल का हाल सीधे आपके मोबाइल पर
उधर, समाजवादी पार्टी ने भी भाजपा जैसी ही व्यवस्था की है। इलाहाबाद संसदीय सीट से राजेंद्र पटेल एवं फूलपुर संसदीय सीट के प्रत्याशी पंधारी यादव के मतगणना एजेंटों की सूची शुक्रवार को प्रशासन को सौंपी गई। सपा प्रदेश प्रवक्ता केके श्रीवास्तव ने बताया कि सभी मतगणना एजेंटों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है। मतगणना चार्ट भी तैयार कर लिया गया है। इसके पूर्व सपा प्रत्याशियों ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ शुक्रवार को मुंडेरा मंडी का जायजा लिया। ईवीएम के रखरखाव की समीक्षा के साथ ही मतगणना के दिन सपा ने अपने सभी एजेंटों को सुबह छह बजे से पूर्व ही मतगणना स्थल पर पहुुंचने को कहा है।
23 मई को होने वाली मतगणना के लिए मुंडेरा मंडी के बाहर भाजपा और सपा नेता अपने-अपने कार्यकर्ताओं के पंडाल आदि की व्यवस्था कर रहे हैं, ताकि धूप से कार्यकर्ता बचाव कर सके। इसके लिए पंडाल के अंदर कुर्सियां, पंखे के साथ ठंडे पानी की व्यवस्था रहेगी। भाजपा नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए मंडी के बाहर बैठने के लिए उचित स्थान खोजा जा रहा है। एक दो रोज में स्थान चिह्नित कर लिया जाएगा। उधर सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर का कहना है कि मतगणना कार्य में पूरी पारदर्शिता रहे, इसके लिए जिला प्रशासन का सहयोग किया जाएगा।