अटाला में शौकत अली मार्ग पर ओमनी वैन के चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए बाइक में सामने से टक्कर मार दी। तस्लीम बच्चों को लेकर सड़क पर गिर पड़ा। उसी समय पीछे से मैजिक गाड़ी भी आ गई। मैजिक उन्हें कुचलते हुए निकल गई। हादसे में तस्लीम और बुशरा की मौत हो गई। जबकि सानिया, निखत और समीर को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। वैन चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला।
मैजिक गाड़ी का ड्राइवर भी मौके से गाड़ी लेकर भाग निकला। घटना की सूचना जैसे ही तस्लीम के परिजनों और ससुराल वालों को हुई, हाहाकार मच गया। तुरंत सभी लोग भागकर मौके पर पहुंचे। बाद में तस्लीम के छोटे भाई मुस्तकीम ने कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। इंस्पेक्टर खुल्दाबाद ने बताया कि कार चालक को खोजा जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था, हादसे में वह भी बुरी तरह से घायल हुआ है।
तस्लीम के मां-पिता और भाई की भी हो चुकी है सड़क हादसे में मौत
सड़क हादसे ने तस्लीम के पूरे परिवार को तबाह करके रख दिया। बुधवार की सुबह हादसे में तस्लीम की मौत हुई। 2017 में तस्लीम के पिता सलीम, उसकी मां और भाई की भी मौत सड़क हादसे में हो चुकी है। अब तीन भाइयों में अकेले बचे मुस्तकीम ने बताया कि 2017 में मनसैता के पास भाई की बाइक ट्रक से टकरा गई थी। माता-पिता और भाई एक ही बाइक पर सवार थे। तीनों को ट्रक ने कुचल दिया था।