Prayagraj News : घटना के बाद मौके पर पहुंचकर छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : प्रयागराज
सैदाबाद में पहाड़पुर गांव के रहने वाले राणाप्रताप गुजरात में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनके सात बच्चों में चार बेटियां व दो बेटे हैं। इनमें से नम्रता सबसे बड़ी थी। वह घर पर ही रहती थी। पुलिस के मुताबिक, घरवालों ने बताया कि रात 12 बजे तक वह घर में ही टीवी देख रही थी। सुबह परिवार के लोग नींद से जगे, तो वह कहीं दिखाई नहीं दी। आसपास भी पूछा गया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
खोजबीन चल ही रही थी कि घर के पास ही स्थित बाग में लाश मिलने की खबर मिली। मौकेपर पहुंचकर देखा गया तो पता चला कि लाश नम्रता की है। पुलिस के मुताबिक, युवती घर से निकलकर बाग तक कैसे पहुंची, इस बाबत घरवाले कुछ बता नहीं पा रहे हैं। उनका कहना है कि नम्रता टीवी देख रही थी जबकि घर के अन्य सभी लोग सोने चले गए थे। वह घर से कब और कैसे निकली, इस बाबत उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
धारदार हथियार से किया ताबड़तोड़ वार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शव की हालत देखने से लग रहा था कि हत्यारे के सिर पर खून सवार था। युवती के गले पर गहरा जख्म था, जिससे काफी खून भी बहा था। आशंका है कि चापड़ जैसे किसी धारदार हथियार से गले पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतारा गया। मृतका ने जींस पहन रखी थी जिसकी जेब से 35 रुपये, हेयर बैंड, आर्टिफिशियल अंगूठी व लॉकेट बरामद हुआ। पुलिस ने सभी सामान कब्जे में ले लिए हैं।
प्रारंभिक जांच पड़ताल में किसी से रंजिश की बात सामने नहीं आई है। घरवालों ने यह भी बताया है कि मृतका के पास मोबाइल नहीं था। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है। - अभिषेक अग्रवाल, एसपी गंगापार