सार
प्रयागराज एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों को इस बार भी नई उड़ानों की सौगात नहीं मिली है। 25 अक्तूबर से 26 मार्च तक लागू रहने वाले विंटर शेड्यूल में कई विमानों के संचालन के दिन घटा दिए गए हैं। शनिवार को प्रयागराज से किसी भी उड़ान का संचालन नहीं होगा। मुंबई, दिल्ली, बंगलूरू, हैदराबाद, भुवनेश्वर और बिलासपुर के लिए उड़ानों का नया समय और साप्ताहिक कार्यक्रम भी तय किया गया है।
प्रयागराज एयरपोर्ट पर 25 अक्तूबर से 26 मार्च तक विंटर शेड्यूल लागू रहेगा। इस बार के शेड्यूल ने हवाई यात्रियों को निराश किया है। लगातार दूसरे वर्ष प्रयागराज से किसी नई उड़ान की शुरुआत नहीं हुई है। वहीं, शनिवार को एयरपोर्ट से एक भी उड़ान संचालित नहीं होगी। नए शेड्यूल में कई प्रमुख शहरों के लिए विमानों के संचालन के दिनों में भी बदलाव किया गया है।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के विंटर शेड्यूल के तहत अकासा एयर की मुंबई उड़ान अब सप्ताह में सात दिन के बजाय छह दिन संचालित होगी। इंडिगो की दिल्ली और मुंबई की उड़ानें भी शनिवार को छोड़कर बाकी दिनों में उपलब्ध रहेंगी। इंडिगो की बंगलूरू उड़ान सप्ताह में चार दिन, जबकि हैदराबाद और भुवनेश्वर की उड़ानें तीन-तीन दिन संचालित होंगी। एलाइंस एयर की प्रयागराज-दिल्ली और बिलासपुर सेवाओं का संचालन भी सीमित दिनों में होगा।
छह शहरों के लिए मिलेंगी उड़ानें
नए शेड्यूल के अनुसार प्रयागराज से मुंबई, दिल्ली, बंगलूरू, हैदराबाद, भुवनेश्वर और बिलासपुर के लिए हवाई सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। हालांकि, यात्रियों को यात्रा की तारीख के अनुसार उड़ानों के दिन और समय का ध्यान रखना होगा। खासकर सप्ताह में सीमित दिन संचालित होने वाली उड़ानों के यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले संबंधित एयरलाइन से समय की पुष्टि कर लेनी चाहिए।
शनिवार को नहीं होगी विमान सेवा
नए शेड्यूल की सबसे अहम बात यह है कि शनिवार को प्रयागराज एयरपोर्ट से किसी भी उड़ान का संचालन नहीं होगा। इससे शनिवार को हवाई यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों को दूसरे दिन का विकल्प चुनना पड़ सकता है। वहीं, नई उड़ानें शुरू नहीं होने से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्पों के लिए अभी इंतजार करना होगा।