पुणे, गोरखपुर, कोलकाता, लखनऊ, इंदौर, भोपाल के बाद अब रायपुर जाने वाली विमान सेवा भी बंद होने वाली है। शनिवार को यह विमान प्रयागराज से आखिरी उड़ान भरेगा।
पुणे, गोरखपुर, कोलकाता, लखनऊ, इंदौर, भोपाल के बाद अब रायपुर जाने वाली विमान सेवा भी बंद होने वाली है। शनिवार को यह विमान प्रयागराज से आखिरी उड़ान भरेगा। 80 फीसदी से ज्यादा पैसेंजर लोड फैक्टर होने के बावजूद नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए) के विंटर शेड्यूल में इस उड़ान को शामिल नहीं किया गया है। विमान का संचालन विमानन कंपनी इंडिगो कर रही है।
विज्ञापन
प्रयागराज से रायपुर के लिए विमान सेवा 28 जून 2019 में शुरू हुई थी। 29 अक्तूबर 2023 में यह सेवा अचानक बंद कर दी गई। विमान सेवा बंद होने के बाद रायपुर जाने वाले यात्रियों को दिक्कत हो रही थी। यात्री सलाहकार समिति की बैठक में भी यह मामला उठाया गया।
फिर दस माह के अंतराल के बाद 16 अगस्त 2024 को यह सेवा एक बार फिर से शुरू की गई लेकिन अब यह विमान एक बार फिर से बंद होने जा रहा है। 72 सीट वाले एटीआर श्रेणी के विमान से प्रयागराज से रायपुर के बीच पिछली पांच उड़ानों में 604 यात्रियों की आवागमन हुआ। इस दौरान पैसेंजर लोड फैक्टर 80 फीसदी से ज्यादा का रहा। कंपनी के लिए 70 फीसदी या उससे अधिक का लोड फैक्टर बेहतर माना जाता है।
विज्ञापन
विमानन कंपनियां ही निर्णय लेती है कि उन्हें विमान चलाना है या नहीं। एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से प्रयास किया जा रहा है कि प्रयागराज से ज्यादा से ज्यादा शहरों की सीधी हवाई कनेक्टिविटी हो। - मुकेश चंद्र उपाध्याय, एयरपोर्ट निदेशक, प्रयागराज