प्रयागराज से नागपुर के लिए 16 जून 2018 को ही जेट एयरवेज ने रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम उड़ान के तहत सीधी फ्लाइट शुरू की थी। तब इसका संचालन सप्ताह में तीन दिन हुआ। इस दौरान फ्लाइट का पैसेंजर 80 फीसदी से ज्यादा का ही रहा।
प्रयागराज से ऑरेंज सिटी कहे जाने वाले नागपुर के लिए एक बार फिर से सीधी उड़ान शुरू होने की आस बंध गई है। इसका संचालन एलाइंस एयर द्वारा किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए) के समर शेड्यूल में इस उड़ान को शामिल किया जा रहा है। यानी कि अगले वित्तीय वर्ष पर प्रयागराज से नागपुर के लिए सीधी उड़ान हो जाएगी।
विज्ञापन
प्रयागराज से नागपुर के लिए 16 जून 2018 को ही जेट एयरवेज ने रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम उड़ान के तहत सीधी फ्लाइट शुरू की थी। तब इसका संचालन सप्ताह में तीन दिन हुआ। इस दौरान फ्लाइट का पैसेंजर 80 फीसदी से ज्यादा का ही रहा। जो हवाई सफर के हिसाब से अच्छा माना जाता है। बावजूद इसके अप्रैल 2019 में अचानक इस फ्लाइट का संचालन रोक दिया गया। तब से अब तक इस फ्लाइट का संचालन शुरू नहीं हो सका है। उधर, प्रयागराजवासी लगातार नागपुर फ्लाइट शुरू करने की मांग कर रहे हैं। एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में भी यह मुद्दा उठ चुका है।
बताया जा रहा है कि नागपुर उड़ान शुरू करने की इच्छा एलाइंस एयर ने जताई है। इसके लिए एलाइंस एयर की ओर से प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है। वर्तमान में एलाइंस एयर प्रयागराज से दिल्ली और बिलासपुर के लिए फ्लाइट चला रही है। एयरपोर्ट सलाहकार समिति की अध्यक्ष एवं सांसद केशरी देवी पटेल का कहना है कि उन्होंने भी उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र भेजकर नागपुर उड़ान शुरू करने की मांग की है। उम्मीद है कि इस फ्लाइट का संचालन उड़ान योजना के तहत शायद एलाइंस एयर को मिल जाए। डीजीसीए समर शेड्यूल में इसके शामिल होने की संभावना है।