प्रयागराज एयरपोर्ट से संचालित विमानों का रविवार से समय बदलेगा। नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए) की ओर से विंटर शेड्यूल लागू होगा। इसमें दिल्ली जाने वाली एलाइंस एयर की उड़ान अब सप्ताह में एक दिन ही संचालित होगी। शेड्यूल मार्च-2026 तक प्रभावी रहेगा। इस बीच शनिवार को प्रयागराज से रायपुर के बीच संचालित इंडिगो के विमान ने आखिरी उड़ान भरी। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि रायपुर-प्रयागराज उड़ान से 69 यात्रियों का आगमन हुआ जबकि यहां से 79 यात्री रायपुर गए।
उधर विंटर शेड्यूल में दिल्ली जाने वाले यात्रियों को विमानन कंपनी एलाइंस एयर ने झटका दिया है। समर शेड्यूल में इस विमान का सप्ताह में तीन दिन दिल्ली के लिए संचालन हो रहा था लेकिन विंटर शेड्यूल में अब हर मंगलवार को दिल्ली से प्रयागराज और बुधवार को प्रयागराज से दिल्ली के उड़ान भरेगी। इसी तरह एलाइंस एयर की बिलासपुर जाने वाली उड़ान भी प्रयागराज से मंगलवार को रवाना होगी। वहीं बुधवार को यह विमान बिलासपुर से प्रयागराज के बीच संचालित होगा। बृहस्पतिवार को यह विमान बिलासपुर से आएगा भी और वहां वापस जाएगा भी।
सिर्फ अकासा की उड़ान ही हर रोज
विंटर शेड्यूल में सिर्फ अकासा एयर की मुंबई उड़ान का ही आवागमन हर रोज होगा। इंडिगो की दिल्ली और मुुंबई उड़ान अब सात दिन की जगह छह दिन ही संचालित होगी। शनिवार को इंडिगो की दिल्ली और मुंबई उड़ान संचालित नहीं होगी।