फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj Airport : अब सिर्फ एक दिन ही मुंबई के लिए मिलेगी अकासा की उड़ान

Thu, 25 Jun 2026 06:10 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

संगम नगरी से मुंबई की हवाई सफर करने वाले यात्रियों को एक जुलाई से बड़ा झटका लग सकता है। अकासा एयर एक जुलाई से अपनी दैनिक सेवा को समेट कर हफ्ते में महज एक दिन (सिर्फ सोमवार) करने की तैयारी में है।
विज्ञापन
अकासा एयर। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

संगम नगरी से मुंबई की हवाई सफर करने वाले यात्रियों को एक जुलाई से बड़ा झटका लग सकता है। अकासा एयर एक जुलाई से अपनी दैनिक सेवा को समेट कर हफ्ते में महज एक दिन (सिर्फ सोमवार) करने की तैयारी में है। इस फैसले के लागू होने के बाद शनिवार को प्रयागराज एयरपोर्ट पर एक भी विमान का संचालन नहीं होगा।

विज्ञापन


बुधवार को सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित विमानपत्तन सलाहकार समिति की बैठक में यह मुद्दा उठा, तो वहां मौजूद सदस्यों ने चिंता जताई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद प्रवीण पटेल और विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने विमानन कंपनी के इस कदम पर कड़ी आपत्ति जताई। अकासा एयर के स्टेशन प्रबंधक मोहम्मद आसिफ से इसका कारण पूछा गया, तो उन्होंने दलील दी कि मध्य-पूर्व एशिया में छिड़े युद्ध के चलते विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई थी, जिसके चलते कंपनी को यह कड़ा फैसला लेना पड़ा।

इस पर पलटवार करते हुए विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि अब वैश्विक हालात काफी हद तक सामान्य हो चुके हैं, लिहाजा कंपनी को यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए अपने इस फैसले पर तुरंत पुनर्विचार करना चाहिए। सांसद प्रवीण पटेल ने कहा कि वह जल्द ही दिल्ली में नागरिक उड्डयन मंत्री से मुलाकात करेंगे। साथ ही कहा कि प्रयागराज से कोलकाता, पुणे, इंदौर, और देहरादून जैसे शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा की मांग लंबे समय से हो रही है, जिसे ठंडे बस्ते में नहीं डाला जा सकता। इस दौरान उन्होंने बैठक में मौजूद इंडिगो, अकासा और एलाइंस एयर के अधिकारियों से भी उड़ानों के विस्तार पर सीधी बात की।

विज्ञापन
विज्ञापन

कार्गो सेवा की जमीन का अटका मामला

एयरपोर्ट से कार्गो सेवा के लिए प्रस्तावित 11 एकड़ जमीन का मामला एक बार फिर से अटक गया है। अधिकारियों का मानना है कि यदि एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की अनुमति मिल जाए तो कोहरे और खराब मौसम में भी विमानों का संचालन आसान हो जाएगा। इससे अन्य कंपनियां भी यहां आने को आकर्षित होंगी। इसके अलावा एयरपोर्ट से कौशाम्बी जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण, नगर निगम द्वारा कूड़ा निस्तारण में सहयोग न मिलने और शहर से एयरपोर्ट तक सिटी बस सेवा शुरू करने जैसे मुद्दों पर भी अधिकारियों को घेरा गया।

दिल्ली के लिए सुबह और शाम दोनों समय चले फ्लाइट

यात्रियों की सहूलियत के लिए दिल्ली के लिए सुबह-शाम अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने और एयरपोर्ट पर निशुल्क पार्किंग की समय सीमा बढ़ाने की मांग भी पुरजोर तरीके से उठाई गई। बैठक में एयरपोर्ट निदेशक राजेश चावला, एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा, हरजिंदर सिंह, राजेंद्र मिश्र सहित विमानन कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें