अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के ‘वीर हिन्दू-विजेता हिन्दू’ अभियान पर चर्चा करने के लिए प्रयागराज पहुंचे तोगड़िया ने कहा कि इस अभियान की शुरूआत हो चुकी है। इसके तहत पूरे देश में एक करोड़ हिंदुओं को जोड़ने की योजना है। इन सभी से त्रिशूल स्थापना करवाई जाएगी। छोटे बच्चों को संस्कारवान बनाने के लिए जन्माष्टमी के अवसर पर राधा कृष्ण प्रतियोगिता करवाई जाएगी।
इसके अलावा गणेश चतुर्थी के मौके पर माई फ्रेंड गणेशा जैसे आयोजन करवाएं जाएंगे। शारदीय नवरात्र पर बेटियों को दुर्गा के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। प्रवीण भाई तोगड़िया बांध स्थित लेटे हुए हनुमान जी का भी दर्शन करने गए। वहां महंत बलबीर गिरि से उनकी मुलाकात हुई। दोपहर बाद वह भदोही के लिए रवाना हो गए। बता दें कि प्रवीण भाई तोगड़िया शुक्रवार को ही प्रयागराज पहुंचे थे।
अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान पहले दिन वह झूंसी के स्कूल में गए थे। जबकि शनिवार को नैनी पीडीए कालोनी में डा. आरपी पांडेय एवं डा. कात्यायनी शुक्ला के आवास पर निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण कानून एवं समान नागरिक संहिता लागू करने पर भी जोर दिया। इस मौके पर उनके साथ राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री ईश्वरी, काशी प्रांत के कार्याध्यक्ष गोपाल श्रीवास्तव, नरेंद्र शास्त्री , कुसुम पांडेय, मुकेश उपाध्याय, राजीव तिवारी, प्रमोद सिंह तोमर, विनोद मिश्रा, अखिलेश कुमार त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।