आरोप है कि शाम तकरीबन चार बजे लोदीपुर, अमरसापुर गांव निवासी रिजवान अहमद उर्फ कल्लू अपनी पत्नी, पुत्र, पुत्रियों के साथ हाथ में लोहे की सरिया व धारदार हथियार लेकर सुनील के घर पर चढ़ गए और सप्पन देवी और चार माह की मासूम अलिशा पर हमला कर दिया, जिससे अलिशा की मौत हो गई, जबकि मां सप्पन देवी बुरी तरह जख्मी हो गई। मां-बेटी पर हमला करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सप्पन देवी को एसआरएन में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सुनील के पिता अमरनाथ कुशवाहा ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि रिजवान के ऊपर गोकशी का मुकदमा चल रहा है। मुकदमे में रिजवान उनसे अपने पक्ष में गवाही देने का दबाव बना रहा था। सुनील और उसके परिजनों ने गवाही देने से मना कर दिया तो जान से मारने की भी धमकी दी गई थी। इसी के चलते बुधवार की शाम मां-बेटी पर हमला कर चार माह की मासूम की जान ले ली गई। इंस्पेक्टर संजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि रिजवान के अलावा पत्नी साबिया फातिमा, पुत्री बुशरा फातिमा, नशरा फातिमा, जोया फातिमा निवासी लोदीपुर, पुत्र अली और साले तारिक सैय्यद निवासी सोरांव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।