139 मिले नए कोरोना संक्रमित, 356 हुए डिस्चार्ज, फिर एक मौत
0 शुक्रवार को 356 ने पूरा किया होम आइसोलेशन, चार को अस्पताल से मिली छुट्टी
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रयागराज। कोरोना संक्रमण के मामलों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। शुक्रवार को 139 नए कोरोना संक्रमित मिले। जबकि एक दिन पहले बृहस्पतिवार को 115 मरीज मिले थे। जिले में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1250 हो गई है। वहीं 356 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है। हालांकि एसआरएन अस्पताल में कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति की मौत भी हुई है।
एसआरएन अस्पताल के कोरोना नोडल डॉ. सुजीत वर्मा ने बताया कि मरीज को बृहस्पतिवार को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह पहले से ही मधुमेह और निमोनिया से पीड़ित था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसआरएन में इस समय 14 कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हैं। दूसरी ओर कोरोना टीकाकरण के अंतर्गत आज 47921 लोगों का टीकाकरण हुआ। इसमें 15 से 17 वर्ष के 12,629 किशोरों ने कोरोना से बचाव का पहला और दूसरा टीका लगवाया। टीकाकरण को लेकर कई स्कूलों में भी अभियान चला। केपी गर्ल्स इंटर कॉलेज में छात्राओं को कोरोना टीका लगाया गया। प्रीकॉशन डोज लेने वालों में हेल्थ वर्कर की संख्या 220 और फ्रंट लाइन वर्कर की संख्या 2449 रही। 60 साल से अधिक उम्र के 427 लोगों ने टीके की बूस्टर डोज ली।