मेरठ जाने वाली नौचंदी और मनकापुर जाने वाली सरयू एक्सप्रेस के लिए इलाहाबाद जंक्शन बुधवार से पराया हो गया। इन दोनों ही ट्रेनों का संचालन प्रयागघाट टर्मिनल से शुरू हो गया है। रेलवे की इस व्यवस्था से पुराने शहर और शहर पश्चिमी विधानसभा के विभिन्न मोहल्लों मेें रहने वाले लोगों को दिक्कत हुई। क्योंकि इन मोहल्लों से प्रयागघाट रेलवे स्टेशन की दूरी ज्यादा है।
पिछले कई दिन पहले ही तय हो गया था कि नौचंदी और सरयू एक्सप्रेस का संचालन जंक्शन की बजाय प्रयागघाट रेलवे स्टेशन से शुरू होगा। तीन चार बार इसका कार्यक्रम भी जारी किया गया, लेकिन कुंभ के चलते हर बार कार्यक्रम बदलना पड़ा। पिछले माह के आखिरी सप्ताह में तय हुआ कि नौचंदी एक्सप्रेस समेत जंक्शन से चलने वाली पांच ट्रेनें छह मार्च से प्रयागघाट रेलवे स्टेशन शिफ्ट कर दी जाएंगी। इसी कड़ी में बुधवार को नौचंदी एक्सप्रेस, सरयू एक्सप्रेस, जौनपुर पैसेंजर, इलाहाबाद-बस्ती मनवार संगम एक्सप्रेस प्रयागघाट रेलवे स्टेशन शिफ्ट कर दी गई। अब बृहस्पतिवार से इलाहाबाद-हरिद्वार एक्सप्रेस का भी संचालन प्रयागघाट रेलवे स्टेशन से शुरू हो जाएगा। इन सभी ट्रेनों की रेलवे ने पूर्व में ही समय सारिणी भी जारी की थी। बुधवार को पहले दिन सबसे ज्यादा परेशानी नौचंदी एक्सप्रेस के यात्रियों को हुई। तमाम यात्रियों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि ट्रेन जंक्शन की बजाय प्रयागघाट से चलेगी। इस वजह से बहुत से यात्री जंक्शन पहुंच गए। वहां पहुंचकर मालूम पड़ा कि ट्रेन प्रयागघाट से ही अब नियमित रूप से चलेगी। राजरूपपुर के अनिकेत श्रीवास्तव ने कहा कि नौचंदी, हरिद्वार एक्सप्रेस जंक्शन से ही चलनी चाहिए थी। शहर पश्चिम के तमाम मोहल्लों से प्रयागघाट की दूरी काफी है। इसी तरह सिविल लाइंस के सौरभ मालवीय ने भी ट्रेन शिफ्ट किए जाने पर अपनी नाराजगी जाहिर की।