प्रयागराज जंक्शन के साथ ही उत्तर रेलवे के प्रयाग स्टेशन को भी विश्व स्तरीय स्टेशन बनाया जाएगा। यहां 38.4 करोड़ रुपये की लागत से ढेरों काम होंगे। पीएम मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रयाग और फूलपुर स्टेशन के भी पुनर्विकास का शिलान्यास किया।
प्रयाग स्टेशन में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शहर उत्तरी विधानसभा विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि स्टेशन के दोनों ओर लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिलेगी। आईईआरटी फाटक पर रेल ओवरब्रिज और एनी बेसेंट पर रेल अंडर ब्रिज का निर्माण जल्द शुरू होगा। कहा कि यहां नए स्टेशन भवन का निर्माण होगा। उसमें यात्रियों के लिए फूड प्लाजा, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेबी फीडिंग कक्ष, कैफेटेरिया एवं रिटेल सुविधाएं, एक स्टेशन एक उत्पाद के स्टॉल आदि की सुविधा रहेगी। स्टेशन पर लिफ्ट एवं रैंप उपलब्ध होगा। 12 मीटर चौड़ा एक नया फुट ओवर ब्रिज भी बनाया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. एलएस ओझा ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर रवि केसरवानी, राजेंद्र मिश्रा, प्रमोद जायसवाल के साथ स्टेशन मैनेजर संजय कुमार आदि मौजूद रहे। इसी तरह फूलपुर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रवीण पटेल शामिल हुए।