इलाहाबाद से मेरठ जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस और जौनपुर पैसेंजर के लिए इलाहाबाद जंक्शन जल्द ही पराया हो जाएगा। इन दोनों ट्रेनों का संचालन जून माह से रेलवे इलाहाबाद जंक्शन की बजाय प्रयाग से करने जा रहा है। शनिवार को प्रयाग पहुंचे उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम ने बताया कि इसके पहले ऊंचाहार एक्सप्रेस का संचालन 10 अप्रैल से रेलवे करने जा रहा है। इतना ही नहीं मरम्मत कार्य के चलते एक माह से ज्यादा समय के लिए प्रयाग स्टेशन का प्लेटफार्म नंबर दो बंद होने जा रहा है।
स्पेशल ट्रेन के लखनऊ मंडल के डीआरएम एके लाहौटी शनिवार की सुबह ही इलाहाबाद पहुंचे थे। यहां मंडल के वरिष्ठ अफसरों एवं स्टेशन प्रबंधक पीके मणि त्रिपाठी के साथ उन्होंने स्टेशन का निरीक्षण किया। इसके बाद संवाददाताओं से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि प्रयाग के प्लेटफार्म नंबर दो पर वॉशेबुल एप्रन का निर्माण चार अप्रैल से किया जाना है। यह निर्माण कार्य नौ मई तक चलेगा। इस दौरान प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेनों की आवाजाही ठप रहेगी।
इसके निर्माण के बाद ही मेरठ/सहारनपुर जाने वाली 14511/14512 नौचंदी एक्सप्रेस का संचालन इलाहाबाद जंक्शन की बजाय प्रयाग से संभव है। प्रयास किया जा रहा है कि जून माह से नौचंदी के साथ 54107/54108 इलाहाबाद-जौनपुर पैसेंजर का संचालन भी प्रयाग से शुरू कर दिया जाए। डीआरएम लखनऊ ने आज डीआरएम इलाहाबाद वीके त्रिपाठी से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों अफसरों ने नौ अप्रैल से कानपुर के गंगा पुल की एक लेन में होने वाले मरम्मत कार्य को लेकर चर्चा की। बता दें कि यहां पुल पर 35 दिन का ब्लॉक रहेगा। इलाहाबाद मंडल के पीआरओ एसके श्रीवास्तव ने बताया कि पुल की मरम्मत की वजह से उसकी एक लेन कई दिन के लिए बंद रहेगी। इस दौरान संबंधित रूट पर चलने वाली कुछ लोकल पैसेंजर के साथ एक्सप्रेस ट्रेनें निरस्त की जा रही है।