pratapgarh news : हादसे में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।
- फोटो : prayagraj
लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर लालगंज इलाके के लीलापुर में मंगलवार की रात बेकाबू ट्रक व स्कॉर्पियो में भिड़ंत हो गई। हादसे में प्रयागराज जनपद के बजती गांव के प्रधान चंद्रिका प्रसाद यादव (68) और उनके बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चालक समेत दो लोगों को डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
प्रयागराज जनपद के सरायममरेज थाना क्षेत्र के बजती नेदुला के नवनिर्वाचित प्रधान चंद्रिका प्रसाद यादव (68) की तबीयत खराब होने पर बेटा कपिलदेव यादव (32) मंगलवार को परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इलाज कराने के लिए स्कॉर्पियो से लखनऊ गया था। वहां से आधी रात को सभी घर लौट रहे थे। रात करीब सवा दो बजे लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर लालगंज कोतवाली के लीलापुर में सामने से आ रहे ट्रक से स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।