रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया
शेखपुर आशिक गांव में मोहर्रम के जुलूस के रास्ते पर मंगलवार को हनुमान मंदिर में भंडारा करने को लेकर प्रशासन और पूर्व मंत्री राजा भैया के पिता उदय प्रताप सिंह के बीच रार ठन गई है। सोमवार की शाम शेखपुर से लेकर भदरी राजमहल पुलिस छावनी में तब्दील दिखा। चार जिलों की पुलिस संग पीएसी लगाई गई है। तहसील प्रशासन ने उदय प्रताप सिंह सहित 10 लोगों के मूवमेंट पर रोक लगा दी है।
हनुमान मंदिर के आसपास लगे झंडे हटवाने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भारी भरकम फोर्स के साथ उदय प्रताप सिंह से मिलने भदरी राजमहल पहुंचे। लेकिन मंदिर से झंडे हटवाने को लेकर बात नहीं बनी और अफसरों को वहां से बैरंग लौटना पड़ा। मालूम हो कि कुंडा कोतवाली के शेखपुर आशिक स्थित हनुमान मंदिर पर जिला प्रशासन ने धार्मिक सौहार्द बिगड़ने का तर्क देते हुए भंडारे की अनुमति नहीं दी है।
सोमवार को हनुमान मंदिर व भंडारा स्थल पर लगे भगवा झंडे को हटाने के लिए एसडीएम कुंडा मोहनलाल व सीओ राधेश्याम ने भदरी महल पहुंचकर नोटिस चस्पा कराया। इस बात की जानकारी होने पर उदय प्रताप ने झंडे उतारने से मना कर दिया।
एसडीएम ने दोपहर दो बजे तक के लिए झंडा लगाने वाले लोगों को अल्टीमेटम दिया था। एसडीएम कुंडा मोहनलाल ने बताया कि मोहर्रम के जुलूस को शांतिपूर्वक निकालने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है। फोर्स तैनात कर दी गई है।