चमरौधा नदी में नहाने गए तीन युवक गहरे पानी में डूबने लगे। शोरशराबा सुनकर पहुंचे चरवाहों ने दो युवकों को बचा लिया। जबकि एक युवक नदी में डूब गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव कुछ दूर नदी में मिला। शव देखकर परिजन बिलखने लगे।
नगर कोतवाली के बिहारगंज भोजपुर से आगे पूरेहुड़हा गांव में चमरौधा नदी में गुरुवार दोपहर आसपास के गांवों के युवक नहाने गए थे। अंतू थाना क्षेत्र के जैतीपुर कठार निवासी सचिन पटेल (23) पुत्र त्रिभुवन पटेल, सूरज वर्मा (25) पुत्र अमर बहादुर वर्मा और आकाश सिंह (25) पुत्र अरविंद सिंह भी नहाने पहुंचे। तीनों नदी में कूद पड़े। नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से तीनों डूबने लगे।
आसपास के लोगों के शोर मचाने पर चरवाहे दौड़ पड़े और नदी में छलांग लगा दी। चरवाहों ने सचिन व सूरज को बचा लिया, लेकिन आकाश डूब गया। सूचना मिलने पर आकाश के परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद नगर कोतवाल व अंतू पुलिस भी आ गई।
घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोर आकाश की खोजबीन करते रहे। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद कुछ दूरी पर नदी में आकाश का शव मिला। शव देखते ही परिजन बिलखने लगे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौत के आगोश से बचकर निकले सूरज व सचिन की नहीं निकल रही थी आवाज
नगर कोतवाली के पूरे हुड़हा में चमरौधा नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से डूब रहे सूरज व सचिन को चरवाहों ने बचा लिया। मौत के आगोश से बचकर निकले सचिन व सूरज पूरी तरह से सहमे रहे। परिवार के लोगों के सवाल पर उनकी आवाज नहीं निकल रही थी।
फर्जी मुकदमे से बचाने की लगाई गुहार
जानलेवा हमले के फर्जी मुकदमे से बचाने की महिला ने पुलिस अफसरों से गुहार लगाई है। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के पूरे क्षमा निवासी प्रेमलता पांडेय का आरोप है कि रंजिश वश पट्टीदार ने उसके लड़कों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया।
तमंचा के साथ प्रधान पुत्र को भेजा जेल
सोशल मीडिया पर असलहों के साथ वायरल तस्वीर के मामले में छानबीन के बाद पुलिस ने प्रधान पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कंधई पुलिस ने सरखेलपुर के प्रधान पुत्र सुहैल अहमद पुत्र खलील अहमद को नहर पुलिया के पास से तमंचा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।