रानीगंज इलाके में बुधवार रात घरेलू कलह से परेशान विवाहिता अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद गई। कुएं के भीतर पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों ने महिला व उसकी एक बेटी को किसी तरह बाहर निकाल लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची की हालत गंभीर देख उपचार के लिए सीएचसी भेजा।
फतनपुर थाना क्षेत्र के मेड़ुआडीह निवासी जयसिंह यादव मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता है। घर पर उसकी पत्नी रेखा देवी (35) बच्चों व अन्य लोगों के साथ रहती थी। बुधवार की देर शाम परिवार के लोगों से उसका किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रात में परिवार के सदस्य घर से बाहर चले गए। मौका देख अचानक रेखा अपने बड़े बेटे आदर्श (7), बेटी स्वीटी (5) और इसानी (3) को लेकर घर के सामने स्थित कुएं में कूद गई।
आवाज आने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक गहरे कुएं में चारों डूबने लगे। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। पुलिस व फायरब्रिगेड को सूचना देने के बाद लोग कुएं में कूदी रेखा व बच्चों को बाहर निकालने लगे। ग्रामीणों ने किसी तरह रेखा व उसकी छोटी बेटी इसानी को जिंदा बाहर निकाल लिया, लेकिन आदर्श और स्वीटी को नहीं बचाया जा सका।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बेहोश इसानी को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। फतनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि रेखा का परिवार के लोगों से विवाद हुआ था। जैसे ही लोग घर से बाहर निकले वह बच्चों समेत जान देने के लिए कुएं में कूद गई। बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रेखा को पुलिस की निगरानी में रखा गया है।
फतनपुर थाने के मेडुआडीह में बच्चों के साथ महिला के कुंए में कूदने के बाद पहुंची पुलिस।- फोटो : PRATAPGARH