लिखित परीक्षा 28 फरवरी को ली गई थी।
एनआईटी एमसीए कॉमन इंट्रेंस टेस्ट (निमसेट)-2019 में प्रयागराज के दो होनहारों ने टॉप फाइव में जगह बनाई है। प्रांशू मिश्र को ऑल इंडिया चौथी और अंकिता गुप्ता को पांचवीं रैंक हासिल हुई है। इसके अलावा भी प्रयागराज से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं चयन निमसेट में हुआ है।
कुछ दिनों पहले मदन मोहन मालवीय तकनीकी विश्वविद्यालय गोरखुपर के एमसीए प्रवेश का परिणाम आया था, जिसमें अंकिता ने टॉप किया था जबकि, प्रांशु को दूसरा स्थान मिला था। हालांकि निमसेट में टॉप फाइव में स्थान हासिल करने के बाद अब दोनों ही मेधावियों को देश के टॉप एनआईटी त्रिची तमिलनाडु में एमसीए में प्रवेश मिल सकेगा। दोनों का ही कहना है कि अब वे तकनीकी विश्वविद्यालय में प्रवेश नहीं लेंगे, बल्कि एनआईटी में एमसीए प्रवेश को वरीयता देंगे।
अंकिता प्रयागराज के राजापुर क्षेत्र में रहती हैं। वह बेहद सामान्य परिवार से हैं। उनके पिता विष्णु गुप्ता पान की दुकान लगाते हैं और मां उषा गुप्ता गृहणी हैं। अंकिता ने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई यूपी बोर्ड के डीपी गर्ल्स इंटर कॉलेज से की और इसके बाद कुलभास्कर आश्रम पीजी कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई की। वहीं, प्रांशु मिश्र ने विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल से सीबीएसई बोर्ड से हाईस्कूल और इंटर की पढ़ाई की। इसके बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टीडीज से बीसीए किया।
लीडर रोड के रहने वाले प्रांशु के पिता लवलेश प्रसाद मिश्र समाचार पत्र विक्रेता हैं और मां मधु मिश्रा गृहणी हैं। अंकिता और प्रांशु के अलावा भी बड़ी संख्या में प्रयागराज के छात्र-छात्राओं का चयन निमसेट में हुआ है। प्रयागराज के अजीम सिद्दीकी, यशार्क अवस्थी, विश्वम सिंह, दशरत नवाज, राखी, कन्हैया पटेल का नाम टॉप 100 की सूची में शामिल है।